बाराबंकी में खौफनाक डकैती: कारोबारी के परिवार के मुंह पर चिपकाया टेप, बच्चों को पीटा... फिर करोड़ों लूट कर 7 बदमाश फरार!

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 09:12 AM (IST)

Barabanki News: बाराबंकी जिले में देवा थानाक्षेत्र के ग्वारी गांव में तड़के 7 हथियारबंद डकैतों ने किराना कारोबारी के परिवार को बंधक बना लिया और उसके घर से करीब 1.02 करोड़ रुपए की नकदी एवं जेवरात लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि वारदात के दौरान बच्चों तक को नहीं बख्शा गया। पुलिस के अनुसार तड़के डकैत देवा-बाराबंकी मार्ग पर दरवाजा तोड़कर किराना कारोबारी आलोक जायसवाल के घर में पीछे से घुसे, उस वक्त परिवार के लोग गहरी नींद में थे।

शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी, बच्चों को पीटा और मुंह पर चिपकाया टेप
पुलिस के मुताबिक घर में आलोक, उनकी पत्नी, बेटा हिमांशु, बहू, मायके आईं 2 बेटियां और एक मासूम बच्चा मौजूद थे। पुलिस के अनुसार डकैतों ने पूरे परिवार को एक जगह बैठा दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए सभी मुंह पर टेप चिपका दिया। उन्होंने रोने पर बच्चों को पीटा। पुलिस का कहना है कि करीब 1 घंटे तक बदमाश अलमारियां, लॉकर और घर का कोना-कोना खंगालते रहे।

12 लाख कैश और 90 लाख के जेवर पार, CCTV खंगालने में जुटी फोरेंसिक टीम
पीड़ित परिवार के मुताबिक डकैत करीब 12 लाख रुपए नकद और लगभग 90 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर ले गए। सुबह करीब 4:22 बजे सभी डकैत फरार हो गए। बाद में परिवार ने खुद को मुक्त कर पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घर की जांच की गई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं।

जांच के लिए 5 टीमें गठित, अपनों या करीबियों पर ही मुखबिरी का शक
अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जांच के लिए 5 टीम गठित की गई हैं तथा घर के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि लगता है कि बदमाशों को नकदी और जेवर की सटीक जानकारी थी जबकि आमतौर पर ऐसी जानकारी परिवार या करीबी लोगों को ही होती है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द घटना का खुलासा करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static