बरेली: 22 हजार से अधिक किसानों का कर्जा हुआ माफ

punjabkesari.in Saturday, Sep 09, 2017 - 02:23 PM (IST)

बरेली(सुनील सक्सेना): यूपी सरकार की सबसे बड़ी व महत्वपूर्ण ‘किसान माफी योजना’ के अंतर्गत किसानों का एक लाख रुपये तक के फसल के लिए लिया हुआ कर्जा माफ करने की घोषणा पर अमल शुरू हो गया।

बरेली में आज पहले चरण में 22,3,43 किसानों का कर्जा माफ़ करके उन्हें इस बात का प्रमाण पत्र दिया गया कि उनका एक लाख तक का कर्जा माफ़ कर दिया गया है। बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय के स्टेडियम में हुए भव्य कार्यक्रम में 5 हजार किसानों को बुलाकर उन्हें कर्ज माफी का प्रमाण पत्र दिया गया। पहले चरण में बरेली जिले में उन 22 हजार से अधिक किसानों का कर्ज माफ़ किया गया जिनके आधार कार्ड बनकर खाते से लिंक हो गए हैं जबकि बाकी के किसानों का कर्जा चरणबद्ध तरीके से आने वाले समय में माफ किया जाएगा।

कार्यक्रम में बरेली के प्रभारी मंत्री ब्रजेश पाठक व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के द्वारा किसानों को कर्ज माफी के प्रमाण पत्र दिए गए। मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार की यह सबसे महत्वपूर्ण योजना है और सभी किसानों के एक लाख तक के कर्ज माफ़ किये जा रहे हैं जिसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री बधाई के पात्र हैं।