Bareilly News: यूपी सरकार के महिला सुरक्षा के दावों की खुली पोल, ऑन ड्यूटी महिला सिपाही से शराबी मनचलों ने की छेड़छाड़

punjabkesari.in Saturday, Jul 13, 2024 - 12:47 PM (IST)

(जावेद खान)Bareilly News: गृहमंत्री अमित शाह का दावा है कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था ऐसी है कि रात के 12 बजे महिलाएं बिना किसी डर के कहीं भी आ जा सकती हैं। वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दावा है कि महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था उत्तर प्रदेश में पूरी तरह चाक चौबंद है। अब गृह मंत्री और सीएम के दावों की पोल उत्तर प्रदेश के बरेली में उस वक्त खुली जब ड्यूटी के दौरान एक महिला पुलिस कर्मी से कुछ शराबी मनचलों ने छेड़छाड़ की। आपको बता दें कि जहां यह घटना जहां घटी वहीं चंद कदम पर कोहाड़ापीर पुलिस चौकी और महिलाओं की सुरक्षा हेतु बनाई गई पिंक बूथ महिला पुलिस चौकी है।

मोहर्रम जुलूस में ड्यूटी कर रही महिला सिपाही से कार सवार शोहदों ने की छेड़छाड़
मिली जानकारी के मुताबिक, बरेली के प्रेमनगर थाने के कोहाड़ापीर इलाके में मोहर्रम जुलूस में ड्यूटी कर रही महिला सिपाही से कार सवार शोहदों ने छेड़खानी कर दी। सिपाही इन्हें पकड़ने के लिए भागी तो वह फिसलकर चोटिल हो गई। हालांकि सिपाही ने दो आरोपियों को पकड़कर सरेराह पिटाई कर दी। इनमें से एक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जिसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि सुभाषनगर थाने की महिला सिपाही की ड्यूटी जुलूस सुरक्षा में कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के पास लगाई गई थी। कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के पास महिला सिपाही खड़ी हुई थी। इसी दौरान एक कार उसके पास आकर रुकी। इसमें से दो युवक निकले और महिला सिपाही से बरातघर का पता पूछने लगे।

शोहदों को पकड़ने की कोशिश में महिला सिपाही को लगी चोट
महिला सिपाही से बातचीत के दौरान इनमें से एक ने उसके छेड़छाड़ के उद्देश्य से महिला पुलिस कर्मी पर हाथ मारा। सिपाही को कुछ असहज लगा तो उसने विरोध किया। जिसके बाद दोनों आरोपी महिला सिपाही से अश्लील बातें करने लगे। तब सिपाही ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। आरोपी जान छुड़ाकर भागे तो सिपाही उनके पीछे दौड़ पड़ी। उसने दोनों युवकों को पकड़ा तो वह फिसल गई और पैर में चोट लगने से खून निकल आया। फिर भी उसने हिम्मत नहीं हारी और दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान कार सवार लोग फरार हो गए। बताते हैं कि महिला सिपाही की पकड़ से भी एक आरोपी भाग निकला।

सूचना मिलते मौके पर पहुंची पुलिस और एक आरोपी को हिरासत में लिया
सूत्रों के मुताबिक, थोड़ी देर में प्रेमनगर पुलिस मौके पर आ गई और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। युवक को कोहाड़ापीर चौकी ले जाया गया। सीओ प्रथम ने भी मौके पर जाकर आरोपी से पूछताछ की। वह विश्वनाथपुरम कॉलोनी निवासी सनी था। उसने बताया कि साथ में राहुल सिंह था जो एटा के जैथरा का निवासी है और सेना में तैनात है। उनके साथ कुछ और लोग थे जो यहां शादी में शामिल होने आए थे। सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि महिला पुलिसकर्मी के साथ छेड़खानी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी सैन्यकर्मी बताया जा रहा है। बाकी लोग कार में बैठे रहे। आरोपी की तलाश की जा रही है। दोनों पर संबंधित धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static