भतीजी की ह/त्या कर पैरों में ठोंकीं 6 कीलें, फिर नमक डालकर खेत में गाड़ी ला/श... यूं खुला राज

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 06:32 AM (IST)

Bareilly News: अलीगंज क्षेत्र के अनिरुद्धपुर गौदिया गांव में ऑनर किलिंग का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां तथाकथित इज्जत की खातिर एक सगे चाचा ने अपनी ही नाबालिग भतीजी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को खेत में दफना दिया और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से पैरों में कीलें ठोंककर नमक तक डाल दिया। पुलिस ने आरोपी चाचा जयप्रकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, अलीगंज पुलिस को 16 अगस्त को गांव में युवती की संदिग्ध मौत और शव को खेत में दबाए जाने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और प्रशासनिक अनुमति के बाद 18 अगस्त को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खेत की खुदाई करवाकर शव बाहर निकलवाया। 19 अगस्त को पोस्टमार्टम और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद मृतका के दादा की तहरीर पर 20 अगस्त को आरोपी जयप्रकाश पुत्र नत्थूलाल के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने का मुकदमा दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें:- गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा UP का यह जिला, एनकाउंटर के बाद दबोचा गया शातिर बदमाश... बरामद हुए 50 लाख के गहने

पुलिस पूछताछ में आरोपी जयप्रकाश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि भतीजी का गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 28 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे दोनों मिर्च के खेत में काम कर रहे थे, तभी युवती ट्यूबवेल की कोठरी के पास जाकर प्रेमी से फोन पर बात करने लगी। जयप्रकाश ने उसे देख लिया और बहस शुरू हो गई। गुस्से में आकर उसने भतीजी के ही दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया और शव को कोठरी में बंद कर दिया।

घर लौटने पर जब परिजनों ने बच्ची के बारे में पूछा तो चाचा ने झूठ बोल दिया कि वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई है। रात के समय आरोपी दुकान से नमक के पैकेट खरीदकर बाइक से खेत पहुंचा। उसने गड्ढा खोदा और शव को दफना दिया। आरोपी ने कबूल किया कि शव जल्दी गल जाए इसलिए उसने नमक डाला था, साथ ही उसने शव के दोनों पैरों में तीन-तीन (कुल 6) कीलें ठोंक दी थीं ताकि घटना का कोई सुराग न मिले।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static