अजब चोर, गजब पुलिस: थाने में डकार गया चांदी का कंगन, फिर 2 दिन बाद ऐसे निकला चोरी का माल
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 09:54 AM (IST)
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे। जहां एक शातिर चोर को पकड़ना पुलिस के लिए जी का जंजाल बन गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए चोर ने सबूत (ब्रेसलेट) ही निगल लिया, जिसके बाद दो दिनों तक बरेली पुलिस और डॉक्टर्स की पूरी टीम चोर के पेट साफ होने का इंतजार करती रही।
बंद घर से उड़ाई थी बुलेट और जेवरात
घटना की शुरुआत 30 मार्च को हुई, जब सिकंदर उर्फ छोटा नाम के शातिर चोर ने अपने साथियों के साथ थाना बारादरी क्षेत्र की सम्राट अशोक नगर कॉलोनी में एक बंद घर को निशाना बनाया। चोरों ने वहां से नकदी, मोबाइल और एक बुलेट मोटरसाइकिल पार कर दी। बंटवारे में सिकंदर के हिस्से में चांदी का एक ब्रेसलेट आया, जिसे उसने शान से अपने हाथ में पहन लिया।
थाने में हाई-वोल्टेज ड्रामा, सबूत ही खा गया चोर
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से 24 घंटे के भीतर सिकंदर को दबोच लिया। जैसे ही उसे थाने लाया गया और पूछताछ शुरू हुई, सिकंदर ने पुलिस को चकमा देने के लिए हाथ में पहना ब्रेसलेट उतारा और सबके सामने उसे मुंह में रखकर निगल गया। ब्रेसलेट निगलते ही सिकंदर बेहोश हो गया। थाने में तैनात इंस्पेक्टर और डीएसपी के होश उड़ गए, क्योंकि अगर चोर को कुछ हो जाता तो पूरी गाज पुलिस पर गिरनी तय थी।
डॉक्टर्स की टीम और ऑपरेशन मोशन
आनन-फानन में चोर को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। एक्सरे हुआ तो पेट में ब्रेसलेट की पुष्टि हो गई। अब चुनौती थी उसे बाहर निकालने की। शातिर सिकंदर ने 2 दिनों तक शौच (Potty) रोक ली ताकि सबूत बाहर न आए। डॉक्टर्स ने उसे भारी मात्रा में केले खिलाए और पेट साफ करने की दवाइयां दीं। पुलिसकर्मी अस्पताल में इस बात का इंतजार करते रहे कि कब चोर फ्रेश होने जाए और सबूत बरामद हो।
आखिरकार मिली कामयाबी
दो दिन की मशक्कत और दर्जनों केले खाने के बाद, शनिवार को सिकंदर का पेट साफ हुआ और मल के रास्ते वह चांदी का ब्रेसलेट बाहर आ गया। पुलिस ने राहत की सांस ली और ब्रेसलेट को धोकर साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया।
डेढ़ दर्जन मुकदमों का खिलाड़ी है सिकंदर
पुलिस के मुताबिक, सिकंदर कोई मामूली चोर नहीं है, उस पर पहले से ही चोरी और लूट के 18 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस ने चोरी की बुलेट, मोबाइल और बरामद ब्रेसलेट के साथ सिकंदर और उसके साथी को जेल भेज दिया है। बरेली पुलिस अब इस अजीबोगरीब ऑपरेशन की सफलता पर खुद को शाबाशी दे रही है।

