''वॉशरूम में बनाया अश्लील वीडियो...'' लाइब्रेरी में युवक की शर्मनाक करतूत, मकान मालिक का बेटा गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 11:41 AM (IST)
Bhadohi News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से लड़कियों की सुरक्षा और निजता को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गोपीगंज कोतवाली इलाके में एक निजी लाइब्रेरी के वॉशरूम की दीवार में छेद करके छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने का भंडाफोड़ हुआ है। इस शर्मनाक करतूत के आरोप में पुलिस ने मकान मालिक के बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से बरामद मोबाइल में कई छात्राओं के अश्लील वीडियो मिलने की बात सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला गोपीगंज के लाला नगर इलाके का है। जहां एक किराए के मकान में प्राइवेट लाइब्रेरी चलती है, जहां हर रोज तमाम छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने आते हैं। लाइब्रेरी संचालक भरथरी बिंद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मकान मालिक के शौचालय से सटा हुआ एक कमरा है। आरोप है कि मकान मालिक का बेटा रवि शंकर गुप्ता इसी कमरे में छिपा रहता था। उसने दीवार में एक छोटा सा छेद कर रखा था और वहीं से वॉशरूम में आने-जाने वाली छात्राओं पर नजर रखता था। वह अपने मोबाइल कैमरे से चुपके से उनके वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था।
बताया जा रहा है कि इस गंदे खेल का खुलासा तब हुआ जब लाइब्रेरी में पढ़ने वाले कुछ छात्रों की नजर अचानक आरोपी के मोबाइल पर पड़ी। छात्रों ने देखा कि उसके फोन में लाइब्रेरी की कई छात्राओं के अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो पड़े हुए हैं। इसके बाद वहां हड़कंप मच गया। छात्रों ने तुरंत इसकी जानकारी लाइब्रेरी संचालक को दी, जिसके बाद बिना देर किए पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही गोपीगंज कोतवाली पुलिस हरकत में आई और आरोपी रवि शंकर गुप्ता के खिलाफ आईटी एक्ट समेत संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा और उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया। मामले की पुष्टि करते हुए गोपीगंज के थानाध्यक्ष सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मोबाइल के डेटा की तकनीकी जांच कराने के साथ-साथ मामले के अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है।

