BHU रजिस्ट्रार नीरज त्रिपाठी होंगे 2 महीने के लिए एक्टिंग वीसी

punjabkesari.in Wednesday, Oct 04, 2017 - 10:39 AM (IST)

वाराणसी: कुलपति गिरीश चंद्र त्रिपाठी के अनिश्चितकाल के लिए छुट्टी पर चले जाने के बाद अब विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार नीरज त्रिपाठी अगले 2 महीने के लिए बीएचयू के एक्टिंग वीसी होंगे।

बीएचयू के अधिकारियों ने बताया कि त्रिपाठी ‘अनिश्चिकालीन अवकाश’ पर चले गए हैं। हालांकि, उनका कार्यकाल 30 नवंबर तक है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर त्रिपाठी को साल 2014 में तीन साल के कार्यकाल के लिए बीएचयू का कुलपति नियुक्त किया गया था।

एचआरडी मिनिस्टर प्रकाश जावड़ेकर ने मंगलवार को दिल्ली में बताया कि प्रो. त्रिपाठी का आवेदन प्राप्त हो चुका है। इस बीच वह सोमवार को व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए छुट्टी पर चले गए। उन्होंने अपना चार्ज रजिस्ट्रार नीरज त्रिपाठी को सौंपा है। नीरज त्रिपाठी नई नियुक्ति होने तक कुलपति का अतिरिक्त पदभार संभालते रहेंगे। बीएचयू एक्ट के मुताबिक यूनिवर्सिटी के वीसी अगर अवकाश पर जाते हैं तो उनका कार्यभार रेक्टर संभालता है, लेकिन रेक्टर के न होने पर विश्वविद्यालय का रजिस्ट्रार कार्यवाहक कुलपति होता है।

बता दें कि बीएचयू के वीसी प्रो. त्रिपाठी एक छात्रा के साथ हुए छेड़खानी व उसके बाद हुए बवाल को संभाल पाने में नाकाम साबित हुए। जिसके चलते बीएचयू में बड़ा बवाल हुआ। इसे लेकर वीसी तीखी आलोचनाओं के शिकार हुए। उनकी बेमियादी छुट्टी की वजह भी यही रही है। छेड़छाड़ को लेकर छात्राओं के विरोध और उसके बाद भड़के बवाल को संभालने में वीसी के लचर रवैये के कारण केंद्र सरकार काफी नाखुश है। इस बात से उन्हें अवगत करा दिया गया था।