तड़के 3:30 बजे RSS नेता के घर बदमाशों ने मचाया हंगामा और लूटे लाखों के जेवर, 2 अरेस्ट... अब चलेगा बुलडोजर?
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 01:07 PM (IST)
Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद स्थित धामपुर में शनिवार तड़के एक ऐसी घटना घटी, जिसने पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव की आग सुलगा दी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जिला कार्यवाह और एक अन्य पदाधिकारी के घर पर हुए हमले और लूटपाट के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
तड़के 3:30 बजे टारगेटेड हमला
जानकारी के मुताबिक, तड़के सुबह करीब 3:30 बजे जब पूरा शहर गहरी नींद में था, तब हमलावरों की एक भीड़ ने RSS के जिला कार्यवाह विपिन चौहान के घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और हंगामा किया। इसके बाद उपद्रवियों ने संघ के एक और पदाधिकारी अमित शर्मा के घर को निशाना बनाया। अमित शर्मा का आरोप है कि हमलावर उनके घर से लाखों की नकदी और कीमती जेवर लूट कर फरार हो गए।
पुलिस पर भी हमले का आरोप
मामला तब और गंभीर हो गया जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी हमले की बात सामने आई। आरोप है कि उपद्रवियों ने पुलिस टीम को भी नहीं बख्शा। हालांकि, पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को काबू में किया और फिलहाल धामपुर में भारी पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है।
हिंदू संगठनों का आक्रोश और बुलडोजर की मांग
जैसे ही घटना की खबर फैली, हिंदूवादी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। कार्यकर्ताओं में भारी रोष है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ 'बुलडोजर कार्रवाई' की मांग उठाई है। स्थानीय विधायक अशोक कुमार राणा ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराते हुए दो टूक कहा कि दोषियों के खिलाफ योगी-मोदी स्टाइल में ऐसा सख्त एक्शन होगा कि उनकी नस्लें याद रखेंगी।
शोएब और सत्तार हिरासत में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों—शोएब और सत्तार को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

