भाजपा, बसपा को खत्म करेगा प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन: राहुल, अखिलेश

punjabkesari.in Tuesday, Feb 07, 2017 - 06:01 PM (IST)

मेरठ: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आंधी-तूफान वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में किसी की आंधी या हवा चल रही है तो वह सपा और कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए चल रही है।

दोनों युवा नेताओं ने शहर के नौचंदी इलाके में संयुक्त रूप से चुनावी रैली को संबोधित किया। दोनों नेताआें ने भाजपा पर नफरत की राजनाति करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘हम उत्तर प्रदेश जैसे प्यार-मोहब्बत वाले प्रदेश में भाजपा को नफरत नहीं फैलाने देंगे।’’  कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के साथ मिलाते ही वहां आंधी शुरू हुई और यह नरेन्द्र मोदी, भाजपा और मायावती को खत्म करके दिखाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘मेरठ क्रांतिकारियों का शहर है। अंग्रेजों को आप सब ने मिलकर सबक सिखाया था। यहां के लोगों ने देश को अंग्रेजों के कंपनी राज से मुक्ति दिलाने की लड़ाई लड़ी थी।’’  

उन्होंने कहा कि आज भी हिन्दुस्तान में नरेन्द्र मोदी एक तरह का कंपनी राज ला रहे हैं। राहुल ने सवाल किया, मोदी ने कहा था कि देश के सभी लोगों को 15-15 लाख रुपये मिलेंगे। उन्होंने भीड़ से पूछा, ‘‘यहां पर किसी को 15-15 लाख मिले क्या?’’  सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा यह केवल प्रदेश का चुनाव नहीं है। यह चुनाव देश का भविष्य तय करेगा। उन्होंने कहा कि जो लोग आंधी और हवाआें की बात कर रहे हैं कम से कम यह जानते होंगे कि आंधी अगर किसी की चल रही है तो समाजवादी और कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने के लिए आंधी चल रही है। 

 मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम समाजवादी लोग हैं अगर आंधी भी होगी तो हम उससे टकराएंगे और आंधी का मुकाबला करते हुए पैडल मारते हुए साइकिल चलाना भी जानते हैं।’’  उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर कहा कि कभी-कभी युवा जोश और उत्साह में हैंडिल छोड़ कर भी साइकिल चलाते हैं, अब कांग्रेस का हाथ आ गया है तो साइकिल और तेज चलेगी। 
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मेरठ शहर बुनकरों का शहर है। यहां बड़ी संख्या में बुनकर हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम बुनकरों से पूछते हैं कि भला उनकी मदद किसने की है? कैंची से लेकर खेल के सामान बनाने के कारोबार तक अगर किसी ने मदद की है तो समाजवादी पार्टी ने की है। हमारी एंबुलेंस चल रही है। पुलिस का 100 नंबर शुरु किया है।’’ सपा ने ही मेरठ और रायबरेली को स्मार्ट सिटी में शामिल करने का काम किया है। 

सपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘अगर लखनऊ में मेट्रो रेल बन गई। कानपुर में बनना शुरु हो गई। नोएडा से ग्रेटर नोएडा जोड़ दिया गया है, गाजियाबाद में मेट्रो रेल चल रही है तो हमारा बड़ा शहर मेरठ क्यों पीछे रहे? मेरठ को भी मेट्रो रेल देने का काम सपा ही कर रही है।’’  घर-घर बिजली पहुंचाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हमें अगर बिजली देनी पड़ी तो 24 घंटे बिजली दी। गांवों में अभी तो हम 16 घंटे बिजली दे रहे हैं। आने वाले समय में हम वहां भी 24 घंटे बिजली देंगे।’’  

प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिन्होंने अच्छे दिनों का आपसे वादा किया था उन्होंने आपको लाइन में लगा दिया। लाइन में कई लोगांे की जान गयी। यहां भी अगर लाइन में लगने वालों की किसी ने मदद की तो समाजवादियों ने की, मृतक परिवारों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। अखिलेश ने लोगों से भाजपा से सावधान रहने की बात कहते हुए कहा कि भाजपा ने जो रास्ता अपनाया है, उसने भाई-चारे के लिए खतरा पैदा कर दिया है। यह समाज को तोडऩे वाले लोग हैं।  

प्रधानमंत्री की स्कैम वाली टिप्पणी पर उन्हें आड़े हाथों लेते हुए अखिलेश ने कहा, ‘‘हमें भी देश को स्कैम से बचाना है। स्कैम के बारे में उनका मतलब था समाजवादी, कांग्रेस, अखिलेश और मायावती।’’  मायावती का नाम लेने के बाद अखिलेश ने कहा कि हमारी बुआ का नाम इसमें कैसे जोड़ दिया। बुआ से तो उनके रिश्ते बहुत करीब के रहे हैं। उन्होंने  कहा, ‘‘रक्षाबंधन किसने मिलकर मनाया और उत्तर प्रदेश में तीन बार बसपा से मिलकर सरकार बनाई।’’ 

अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी परिभाषा स्कैम पर कुछ और थी हमारी कुछ और है। जिनके नाम ‘ए’ और ‘एम’ से शुरु होते हैं उनसे देश को बचाने का काम हमें और आपको मिलकर करना है।  राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि अपने ढ़ाई साल के शासन में मोदी ने हिन्दुस्तान के सबसे अमीर पचास परिवारों का एक लाख दस हजार करोड़ रुपये कर्जा माफ किया ‘‘प्रधानमंत्री ने एक रुपया भी देश के गरीबों को नहीं दिया। उत्तर प्रदेश के किसानों को नहीं दिया, मेरठ के छोटे उद्योगपतियों को नहीं दिया।’’ 

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लडऩे का दावा करने वाले मोदी ने हिन्दुस्तान के सबसे धनी 50 परिवारों को देश का 60 फीसदी धन दिला दिया है। राहुल ने भीड़ में मौजूद युवाआें से सवाल करते हुए कहा,‘‘ नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव से पहले कहा था कि दो करोड़ लोगों को रोजगार दिलवाउंगा। क्या आप में से किसी एक को भी रोजगार मिला है।’’  कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस-सपा गठबंधन की सरकार बनने पर युवाआें को रोजगार आदि के लिए लोन मिलेगा। राहुल ने कहा कि नरेन्द्र मोदी मेक इन इंडिया की बात करते हैं, वह यह नहीं कर सके लेकिन सपा-कांग्रेस गठबंधन मेक इन यूपी जरुर बनाएंगे। 

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें