BJP चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी का आरोप- कांग्रेस चुनाव में बन जाती है सैनिक प्रेमी

punjabkesari.in Monday, Jan 31, 2022 - 12:37 PM (IST)

देहरादूनः केंद्रीय मंत्री और भाजपा के उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी ने कांग्रेस पर चुनाव के मौके पर सैन्य प्रेमी बनने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर उसे सैनिकों की इतनी चिंता थी तो उसने 'वन रैंक वन पेंशन' योजना लागू क्यों नहीं की।

राज्य में 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले देहरादून में भाजपा का चुनावी थीम गीत और चुनावी बैनर जारी करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में जोशी ने कहा कि अपनी सुविधा की द्रष्टि से कांग्रेस हिंदू बनने के साथ ही चुनाव में सैनिक प्रेमी बन जाती है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को बताना चाहिए कि उन्होंने 1972 के बाद नरेंद्र मोदी सरकार के आने तक सैनिकों की सबसे अहम और वाजिब मांग ‘वन रेंक वन पेंशन' को क्यों नहीं लागू किया और भारतीय सैनिकों और सीमा की सुरक्षा के लिए अत्याधिक जरूरी आधुनिक हथियार और साजो-सामान क्यों नहीं खरीदा।'' उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता यह कभी नहीं भूल सकती कि कभी कांग्रेस के एक सांसद ने देश के पहले रक्षा प्रमुख दिवंगत जनरल विपिन रावत को गली का गुंडा कहा था और उसने भी सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे थे।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि जब खून जमाने वाली ठंड में हमारे वीर जवान चीन के सैनिकों को खदेड़ रहे थे तो इनके नेता राहुल गांधी चोरी-छिपे चीनी दूतावास में हाई-टी पार्टी का लुफ्त उठा रहे थे। उन्होने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा के डबल इंजन के तालमेल के कारण उत्तराखंड में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से भी अधिक विकास परियोजनाएं संचालित हो रही हैं| उन्होंने कहा कि हालांकि राज्य में डबल इंजन सरकार चलाने का मौका एक बार कांग्रेस को भी मिला था, लेकिन उनके राज्य और केंद्र सरकार के दोनों इंजन विपरीत दिशा में दौड़ते रहे और एक भी बड़ा काम उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए नहीं किया।

कांग्रेस के चुनावी अभियान ‘चार धाम चार काम नहीं' पर तंज कसते हुए जोशी ने कहा कि जनता बखूबी जानती है कि सत्ता में आने पर उनका एक ही काम होता है और वह है दाम वसूलना| कांग्रेस महासचिव हरीश रावत का नाम लिए बिना केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह देश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री रहे जो स्टिंग कैमरे पर अपने ही प्रदेश को लूटने का लाइसेंस देते नज़र आए। कांग्रेस को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की जगह भारतीय राष्ट्रीय कन्फ़्यूजन पार्टी बताते हुए कहा कि उनके नेता राहुल गांधी की 'कन्फ्यूजन' की आदत उनकी पूरी पार्टी में फैल गई है और इसीलिए पहले चुनाव न लड़ने की बात कहने वाले एक नेता अब चुनाव लड़ रहे हैं।

जोशी ने कहा कि भाजपा अपने औपचारिक चुनाव अभियान की शुरुआत एक फरवरी को करेगी और इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों समेत हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static