विपक्षी नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने की साजिश रच रही है भाजपा: अखिलेश

punjabkesari.in Tuesday, Sep 12, 2017 - 08:29 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कहा कि संकीर्ण मानसिकता और बदले की भावना से भरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विपक्षी नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने की साजिश में जुटी हुयी है। 

पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा भाजपा बुनियादी मुद्दो से हटकर राजनीति कर रही है। उसकी मानसिकता संकीर्ण और बदले की भावना से भरी है। विपक्षी नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने की साजिशें की जा रही है। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें जनता को धोखा देकर बनी हैं। 2019 के चुनाव में जनता भाजपा से सूद समेत हिसाब किताब बराबर कर देगी।

नौजवानों का आवाहन करते हुये उन्होंने कहा कि देश में युवा ही क्रांति के वाहक हैं। हमें डिजिटल इण्डिया नहीं, किसानों और नौजवानों का खुशहाल भारत बनाना है। मौजूदा सरकार गरीबो, नौजवानों और किसानों के हक मार रही है। नोटबंदी और जीएसटी ने देश की अर्थव्यवस्था चौपट कर दी है। उन्होंने कहा कि जब बोया पेड़ बबूल का तो आम कहां से मिलेगा। भाजपा समाज को तोडऩे और बांटने में लगी है। इसके अच्छे परिणाम नहीं होंगे।