भाजपा ने हमारी नकल कर जारी किया संकल्प पत्र: आप

punjabkesari.in Monday, Nov 13, 2017 - 04:12 PM (IST)

लखनऊ: आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर उनकी नकल कर संकल्प पत्र तैयार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव में जीत मिली तो दिल्ली की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी मोहल्ला क्लीनिक शुरु किया जायेगा। 

आप प्रवक्ता आशुतोष ने संवाददाताओं से कहा कि केन्द्र सरकार से समुचित मदद नहीं मिलने के बावजूद दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक का संचालन सफलता पूर्वक किया जा रहा है। नगर निकाय चुनाव में जीत मिली तो यहां भी इस तरह का प्रयोग किया जायेगा। 

उन्होंने कहा कि आप ने नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर 26 सूत्रीय घोषणा पत्र तैयार किया था। उसी की नकल कर भाजपा ने 28 सूत्रीय संकल्प पत्र घोषित किया। 

उन्होंने कहा कि जनता का महंगाई से बुरा हाल है। स्वच्छता अभियान में केवल चार प्रतिशत सफलता मिली है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के क्षेत्रों में भी इस अभियान की हालत खस्ता है। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा से ऊब चुकी है। मौका मिलते ही इन्हें सत्ता से बेदखल कर देगी।