यहां खुलेगी नेताओं को राजनीति की एबीसीडी बताने वाली पहली पाठशाला

punjabkesari.in Sunday, Dec 17, 2017 - 05:13 PM (IST)

लखनऊ, आशीष पाण्डेय: अब नेताओं को नेतागिरी करने से पहले उसकी पढ़ाई करनी होगी। इसके लिए गाजियाबाद में एक प्रशिक्षण केंद्र खोलने की तैयारी चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस योजना पर काम करना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास विभाग ने गाजियाबाद नगर निगम से दस हजार वर्ग मीटर जमीन मांगी गई थी। अब नगर निगम ने इसके लिए जमीन चिन्हित कर इसका प्रस्ताव सरकार को भेज भी दिया है।

गाजियाबाद के मोदी नगर में बनेगा केंद्र
अभी तक राजनीति के गुर सिखाने के लिए देश में कोई आधिकारिक प्रशिक्षण केंद्र नहीं था। पीएम की पहल पर देश का पहला राजनीति प्रशिक्षण केंद्र जल्द ही गाजियाबाद में शुरू होगा। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने गाजियाबाद शहर को उपयुक्त मानते हुए कम से कम दस हजार वर्ग मीटर जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा था। इसके बाद गाजियाबाद नगर निगम के अधिकारियों ने इसके लिए राजनगर एक्सटेंशन के पास सिहानी गांव में निगम की 32 हजार वर्ग मीटर जगह को चिन्हित कर लिया है। इसके संबंध में प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है।

चुने गए जनप्रतिनिधियों को मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण केंद्र के भवन निर्माण के बाद अतिरिक्त स्थान का सौंदर्यीकरण होगा। इसमें प्राकृतिक झील के साथ स्मारक भी बनाए जाएंगे। इस केंद्र में देश के विभिन्न चुनावों में जीते हुए जनप्रतिनिधियों के लिए रिफ्रेशमेंट कोर्स चलाया जाएगा। हर जीते हुए जनप्रतिनिधि को यहां आकर ट्रेनिंग में भाग लेना होगा, ताकि उन्हें यह पता चल सके कि जिस संस्था के लिए वे चुने गए हैं, वहां किस तरह से काम होता है। साथ ही जनता से किस तरह मिलना/बात करना है, वह भी बताया जाएगा।

नइ विषयों की दी जाएगी जानकारी
देश के बहुत से नेताओं का बौद्धिक ज्ञान काफी कम होता है, जिसका खामियाजा क्षेत्र की जनता को उठाना पड़ता है। इसे देखते हुए इस प्रशिक्षण केंद्र में नेताओं को देश, विदेश आदि की राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक विरासतों के विषय में जानकारी दी जाएगी। नेता व आम जनता के बीच आपसी सामंजस्य को कैसे मजबूत किया जाए इसका भी पाठ पढ़ाया जाएगा। राजनीति में नैतिकता को बचाए रखने के लिए भी जरूरी टिप्स दिए जाएंगे।

नई पौध भी होगी तैयार
ऐसा नहीं है कि यहां केवल जनप्रतिनिधियों को ही ज्ञान बांटा जाएगा बल्कि उन युवाओं को भी यहां प्रशि​क्षण लेने का मौका दिया जाएगा जो राजनीति में आना चाहते हैं। नवयुवकों को सियासत की एबीसीडी बताई जाएगी। ताकि राजनीति में आने वाली नई पीढ़ी नैतिकता को बचाए रखे। साथ ही उन्हें यह भी पता चल सके कि पहले राजनीति में क्या-क्या होता रहा है। उससे भी उन्हें अवगत कराया जाएगा।

दिल्ली से सटे होने से गाजियाबाद को वरियता
दिल्ली के नजदीक होने के कारण गाजियाबाद में प्रशिक्षण केंद्र खोले जाने की तैयारी की जा रही है। यहां दिल्ली से पहुंचना भी काफी आसान है। यूपी बॉर्डर से राजनगर एक्सटेंशन तक सीधे एलीवेटेड रोड है। दिल्ली से सटा होने के कारण यहां देश के बड़े राजनेता भी लेक्चर के लिए आसानी से उपलब्ध हो सकते हैं। नगर आयुक्त सीपी सिंह ने बताया कि शासन ने राजनीतिक प्रशिक्षण केंद्र के लिए जगह मांगी थी। नगर निगम ने प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। अब आगे निर्णय शासन लेगा। वहां से मिले निर्देशों के अनुसार कार्रवाई करेंगे।