‘सभी मुद्दों पर फेल हुई भाजपा की उल्टी गिनती शुरू’

punjabkesari.in Thursday, May 31, 2018 - 07:27 PM (IST)

इलाहाबाद: समाजवादी पार्टी (सपा) के फूलपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद नागेन्द्र सिंह पटेल ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सभी मुद्दों पर फेल है और उसकी उल्टी गिनती शुरू हो गयी है। 

पटेल ने उपचुनाव में गठबंधन की जीत पर खुशी का इजहार करते हुए कहा कि अब भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गयी है। उन्होंने कहा कि आगामी 2019 में भाजपा का सफाया हो जायेगा। उत्तर प्रदेश में हुये उपचुनाव में कैराना लोकसभा सीट पर राष्ट्रीय लोकदल तथा नूरपुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी ने विजय पताका फहराया है। भाजपा के खिलाफ यहां सपा का रालोद के साथ गठबंधन है। 

 उन्होंने कहा कि जुमलों के बहकावे में अब जनता आने वाली नहीं है। बहुत हो गया विकास की जुमलेबाजी। विकास कहीं भी धरातल पर नजर नहीं आ रहा है। कैराना लोकसभा उपचुनाव में दांव पर लगी भाजपा अपनी प्रतिष्ठा को बचा न सकी। गोरखपुर तथा फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में हार के बाद सत्ताधारी दल भाजपा की काफी किरकिरी हुई थी। 


 

Punjab Kesari