सिन्हा नहीं, ये फायरब्रांड नेता होगा UP का CM! BJP शीर्ष नेतृत्व ने चार्टेड प्लेन से दिल्ली बुलाया

punjabkesari.in Saturday, Mar 18, 2017 - 11:54 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के नये मुख्यमंत्री और मंत्रिमण्डल का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 19 मार्च को शाम पांच बजे कांशीराम स्मृति उपवन में आयोजित होगा। लेकिन अभी तक मुख्यमंत्री का नाम फाइनल नहीं हुआ है। 

मुख्यमंत्री की दौड़ में रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। लेकिन बीजेपी के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ के अचानक दिल्ली बुलाए जाने से उनके नाम की चर्चाएं तेज हो गई हैं। बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने योगी को तत्काल दिल्ली के लिए बुलाया है। आदित्यनाथ स्पेशल चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली के लिए रवाना भी हो गए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि कल किस नेता के नाम पर मुहर लगती है। मुख्यमंत्री के शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के आने की संभावना है। 
                  

इससे पहले कल लोक भवन में नव निर्वाचित विधायकों की बैठक में भाजपा विधानमण्डल दल के नेता का चयन किया जायेगा। विधायकों की बैठक के लिए केन्द्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मोदी मंत्रिमण्डल में नगर विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू और पार्टी महामंत्री तथा राज्यसभा सदस्य भूपेन्द्र यादव भी मौजूद रहेंगे। 

भाजपा के 312 विधायक चुने गये हैं जबकि उसके गठबंधन अपना दल के नौ और भारतीय समाज पार्टी(भासपा) के चार विधायक चुनाव जीते हैं। इस बीच, केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री बनने से साफ इंकार कर दिया है। राजनाथ सिंह ने फोन पर कहा कि उनके मुख्यमंत्री बनने का सवाल ही नहीं उठता। वह जहां हैं खुश हैं और पूरी क्षमता से देश की सेवा कर रहे हैं। 
                   

राजनाथ सिंह के इंकार के बाद अब रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा का नाम इस पद की रेस में सबसे आगे है। हालांकि, इस पद के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य का नाम भी लिया जा रहा है। कुछ लोगों का मत है कि 2019 के चुनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ब्राह्मण चेहरे पर भी दांव लगा सकते हैं और ऐसा मानने वाले केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगमंत्री कलराज मिश्र को उपयुक्त बता रहे हैं। 

इन अटकलों के बीच सभी नेता यह कहते हैं कि जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाहेंगे, मुख्यमंत्री वही होगा। वे यह भी कहते हैं कि मुख्यमंत्री का नाम मोदी ने तय कर लिया होगा। उनके अलावा इसकी सटीक जानकारी यदि किसी को होगी तो वह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह होंगे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत को भी इसकी जानकारी हो सकती है।