मौर्य ने ‘परिवर्तन यात्रा रथ’ को दिखाई हरी झंडी, कहा-300 से ज्यादा सीटों पर जीतेगी BJP

punjabkesari.in Thursday, Nov 03, 2016 - 07:29 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने आज परिवर्तन यात्रा रथ वाहन को हरी झंडी दिखाकर उसके गंतव्य को रवाना किया। भाजपा उत्तर प्रदेश में पांच नवंबर से परिवर्तन यात्रा की शुरूआत कर रही है। मौर्य ने रथ रवाना करने के बाद संवाददाताआें को यात्रा का ब्यौरा देते हुए कहा, ‘‘सहारनपुर, झांसी, सोनभद्र और बलिया से चार परिवर्तन यात्राएं शुरू होंगी और सभी यात्राएं 24 दिसंबर को लखनऊ में संपन्न होंगी।’’ 

उन्होंने बताया कि परिवर्तन यात्राआें को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र और उमा भारती संबोधित करेंगे। इसके अलावा परिवर्तन यात्राआें को राष्ट्रीय स्तर के अन्य भाजपा नेता तथा प्रदेश स्तर के नेता संबोधित करेंगे। परिवर्तन यात्रा के लिए जिस वाहन का इस्तेमाल किया गया है, वह ‘हाई टेक’ है। उसमें एक छोटी लिफ्ट है जो ऊपर छत की आेर बाहर निकल आती है। वाहन फोन, चर्चा कक्ष, प्रसाधन जैसी सुविधाआें से लैस है। 

मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब सपा और बसपा सरकार की गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी है और इस बार उसने प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का फैसला किया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा 403 में से 300 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। सहारनपुर से पांच नवंबर, झांसी से छह नवंबर, सोनभद्र से आठ नवंबर तथा बलिया से नौ नवंबर को परिवर्तन यात्राआें की शुरूआत होगी। सभी यात्राएं 24 दिसंबर को संपन्न होंगी और इस मौके पर राजधानी लखनऊ में महारैली का आयोजन किया जाएगा, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संबोधित करने की संभावना है।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें