बड़े भाई की साली से था प्यार, शादी में देरी हुई तो उठाया आत्मघाती कदम... गोंडा में सनसनी
punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 09:10 AM (IST)
Gonda News: उत्तर प्रदेश में गोंडा जिले के कटरा बाजार क्षेत्र के एक गांव में बुधवार शाम एक नाबालिग लड़की और लड़के के शव पेड़ पर फंदे से लटके मिले। पुलिस के अनुसार मृत लड़का बहराइच जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के रमवापुर गोरिया का निवासी था। लड़की के पिता ने बताया कि उनकी बेटी बुधवार दोपहर करीब 3 बजे शौच के लिए जाने की बात कहकर घर से निकली थी लेकिन करीब 1 घंटे बाद एक राहगीर ने सूचना दी कि एक खेत में पेड़ पर उनकी बेटी और एक लड़के के शव दुपट्टे से लटके हुए मिले हैं।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लड़के के बड़े भाई ने बताया कि उसकी शादी 6 वर्ष पहले लड़की की बड़ी बहन से हुई थी और रिश्तेदारी के कारण उसके भाई और साली का एक-दूसरे के घर आना-जाना था और वे एक-दूसरे से प्रेम करते थे। उसने बताया कि दोनों की शादी की बात भी हो रही थी लेकिन वह (मृतक) तीनों भाइयों में सबसे छोटा था और मंझले भाई की शादी नहीं हो पाने की वजह से परिवार उसकी शादी को मंजूरी नहीं दे रहा था। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

