UP: थाने के सरकारी आवास में महिला सिपाही की संदिग्ध मौ/त, आधा घंटा पहले ही ड्यूटी से लौटी थीं ज्योति
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 08:30 PM (IST)
Bahraich News: उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के हुजूरपुर थाने में तैनात वर्ष 2019 बैच की एक महिला सिपाही का शव सोमवार को थाना परिसर स्थित सरकारी आवास के कमरे में फंदे से लटका मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ज्योति पासवान (25) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से महराजगंज जनपद की निवासी थीं तथा पिछले लगभग 1 वर्ष से हुजूरपुर थाने में तैनात थीं।
बताया गया कि वह जिला मुख्यालय से शाम करीब 5 बजे वापस थाने पहुंचीं और थाना भवन के ऊपरी हिस्से में स्थित अपने कमरे में चली गईं। करीब आधे घंटे बाद अन्य पुलिसकर्मी किसी कार्य से कमरे में पहुंचे तो उन्होंने ज्योति को फंदे से लटका देखा। तुरंत उन्हें नीचे उतारकर उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी कैसरगंज धीरेन्द्र श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी।
अपर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि प्रथम द्दष्टया घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कराई जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में कुछ कहा जा सकेगा।

