मैनु लहंगा ले दे महंगा वे! दूल्हे ने भेजा सस्ता लहंगा तो दुल्हन ने तोड़ दी शादी, फेरों की जगह लगवाए थाने के चक्कर

punjabkesari.in Friday, Nov 18, 2022 - 05:18 PM (IST)

 

हल्द्वानीः अक्सर आपने देखा होगा कि शादी के दौरान छोटी-मोटी बातों को लेकर वर और वधू पक्ष के बीच मनमुटाव होता रहता है। कई बार वर पक्ष के लोग दहेज न मिलने पर शादी से इनकार कर देते हैं, लेकिन क्या कभी किसी ने सुना है कि दुल्हन ने सस्ते लहंगे के कारण शादी तोड़ दी हो। जी हां, ऐसा ही एक अजीबोगरीब मामला उत्तराखंड के हल्द्वानी से देखने को मिला है, जहां पर ससुराल से आया लहंगा पसंद न आने पर नाराज दुल्हन ने शादी से मना कर दिया। इतना ही नहीं उन्हें फेरों की जगह पर थाने के चक्कर काटने पड़े।

जानकारी के अनुसार, मामला हल्द्वानी जिले के राजपुरा मोहल्ले का है, जहां पर लड़का-लड़की की सगाई जून महीने में हुई थी। साथ ही नवंबर में दोनों की शादी होनी थी। शादी की सभी तैयारियां हो चुकी थी लेकिन जब दुल्हन ने शादी के लिए ससुराल से भेजा हुआ लहंगा देखा तो वह नाराज हो गई। दुल्हन को महंगा लहंगा चाहिए था लेकिन लड़के वालों ने उसे सिर्फ 10 हजार रुपए का लहंगा भेज दिया।

वहीं दुल्हन ने लहंगे को फेंक दिया और शादी करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं सस्ते लहंगे को लेकर हुआ ये विवाद थाने तक पहुंच गया। दोनों पक्षों की सहमति के बाद शादी को तोड़ दिया गया। विवाद खत्म होने के बाद दोनों पक्ष के लोग अपने-अपने घरों में लौट गए।
 

Content Writer

Nitika