साली से बदसलूकी... और फिर साढ़ू ने जो किया! रास्ते में घेरकर लोहे की रॉड से तोड़ दिए युवक के दोनों हाथ-पैर
punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 01:47 PM (IST)
Greater Noida: रिश्तों के बीच बढ़ती नफरत और बदले की आग ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र के अस्तौली गांव में एक युवक पर उसके ही साढ़ू ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि साढ़ू ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को लोहे की रॉड से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसके दोनों पैर और एक हाथ की हड्डियां चकनाचूर हो गईं। हमलावर युवक को मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए।
शादी समारोह में उपजा था विवाद
पूरा मामला एक पारिवारिक शादी से शुरू हुआ। अस्तौली निवासी मोहित कुछ दिन पहले अपनी पत्नी के साथ बुलंदशहर के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां मोहित के साढ़ू और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि साढ़ू ने मोहित की पत्नी के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की। जब मोहित ने बीच-बचाव किया और इसका विरोध किया, तो साढ़ू आगबबूला हो गया और उसे जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
लोहे की रॉड से सुनियोजित हमला
मोहित को अंदाजा भी नहीं था कि साढ़ू इस रंजिश को इस हद तक ले जाएगा। बुधवार को जब मोहित अपनी बाइक से सिकंदराबाद की ओर जा रहा था, तभी चीती गांव के पास एक कार ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। कार से साढ़ू अपने 4 साथियों के साथ बाहर निकला और बिना कुछ कहे मोहित पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मोहित को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आरोपियों ने उसे जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा। हमला इतना भीषण था कि मोहित के दोनों पैर और एक हाथ पूरी तरह टूट गए।
अस्पताल में जिंदगी की जंग
घटना के बाद आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग निकले। राहगीरों और परिजनों की मदद से घायल मोहित को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित के भाई अभिषेक भाटी ने पुलिस को बताया कि यह हमला पूरी तरह से Pre-planned (सुनियोजित) था।
पुलिस की कार्रवाई, CCTV खंगाल रही टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही हैं ताकि आरोपियों की कार और उनकी पहचान पुख्ता की जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

