कर्नाटक निकाय चुनाव में बसपा का चौंकाने वाला प्रदर्शन, इतनी सीटों पर दर्ज की जीत

punjabkesari.in Tuesday, Sep 04, 2018 - 02:50 PM (IST)

बेंगलुुरु: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में एक सीट जीतने वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने शहरी निकाय चुनाव में चौंकाने वाला प्रदर्शन किया है। बसपा ने 13 सीटों पर अप्रत्याशित जीत हासिल की है। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले बसपा की ये जीत काफी अहम मानी जा रही है। खासतौर पर मायावती के लिए जो उत्तर प्रदेश से बाहर बसपा को सीट दिलाने की लगातार कोशिश कर रहीं थीं। हालांकि इस चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई है। 31 अगस्त को हुये शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस ने कुल 2527 सीटों में से 946 सीटों पर जीत दर्ज की है। 

मई में हुए विधानसभा चुनावों में 104 सीटें जीत कर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इन निकाय चुनाव में 875 सीटें जीतकर दूसरे पायदान पर है, जबकि राज्य में कांग्रेस के साथ गठबंधन वाली जनता दल सेक्युलर (जद एस) ने 345 सीटों पर जीत दर्ज की है। 
PunjabKesari
निर्दलियों ने 315 सीटों पर जीत दर्ज की है, विधानसभा चुनाव में एक सीट जीतने वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 13 सीटें जीती हैं जबकि अन्य के खातों में 34 सीटें आईं हैं। तीन नगर निगम चुनावों में भाजपा ने 54, कांग्रेस 36, जद(एस) 30, निदर्लीय 14 और बसपा ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। शिवमोगा में भाजपा 20 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है, तुमकुरु और मैसुरु में कांग्रेस एवं जद(एस) भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए एक साथ मिलकर लड़ी थी। इन निकाय चुनावों में 30 प्रत्याशी निर्विरोध चुने गये हैं। 

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच.डी.कुमारस्वामी ने शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम पर प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि जनता जद(एस)-कांग्रेस गंठबंधन सरकार के काम को पसंद कर रही है। कुमारस्वामी ने कहा, ‘इन चुनाव परिणामों ने भाजपा को चुप करा दिया है जो लगातार सरकार के कार्यों को लेकर आरोप लगा रही थी। कांग्रेस एवं जद(एस) ने कोई प्रचार नहीं किया और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिये अच्छे प्रत्याशियों को चुनने के लिये मतदाताओं पर छोड़ दिया जबकि भाजपा ने जिलों में व्यापक रूप से प्रचार किया।
PunjabKesari
कर्नाटक विधानसभा सभा में विपक्ष के नेता एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के उम्मीद के अनुरूप नहीं है।उन्होंने पत्रकारों को बताया, ‘मुझे उम्मीद थी कि हम और सीटें जीतेंगे लेकिन ये परिणाम आशा के अनुरूप नहीं है। मैं पार्टी को मजबूत बनाने के लिये प्रयास करूंगा।’ येदियुरप्पा ने कहा कि आज के परिणामों से राज्य में कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा लेकिन भाजपा अगले चुनाव में सभी 28 लोकसभा सीटों पर विजय हासिल करेगी। 

इस बीच कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष दिनेश गुंडुराव ने इन परिणामों पर प्रतिक्रिया करते हुए कहा ‘चुनाव परिणाम ने उन लोगों को चुप करा दिया है जो लोग कह रहे थे कि कांग्रेस कर्नाटक में अपना अस्तित्व खो चुकी है। यह जीत गठबंधन सरकार के कार्यों को दर्शाती है।’


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static