भ्रष्टाचार से मुक्ति और विकास की युक्ति के लिए सन्यासी को बनाया गया मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Monday, Apr 17, 2017 - 08:53 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा है कि भ्रष्टाचार से मुक्ति और विकास की युक्ति के लिए ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक सन्यासी को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया है। 

शर्मा ने आज यहां धर्म रक्षा संघ द्वारा आयोजित अभिनन्दन समारोह में कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केन्द्र जैसी व्यवस्थाओं को राज्य में लागू कर रहे हैं, जिससे 15 साल के कुशासन और भ्रष्टाचार से ठप्प पड़े विकास कार्यों को आगे बढाया जा सके। उन्होंने कहा कि जो भ्रष्ट अधिकारी काम करने में आनाकनी करें या पैसों की मांग करे उसकी विडिय़ो बनाकर उन्हें दें। उसके खिलाफ कडी कार्रवाई की जायेगी। 

शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार समाप्त करने और प्रदेश का विकास करने के लिए संकल्पित है। राज्य में कानून का राज स्थापित करना ही प्रधानमंत्री का सपना है। अब विकास की हकीकत जमीन पर दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि मथुरा वृन्दावन में जल्द ही मेट्रो चलेगी और ब्रज चैरासी कोसी परिक्रमा में मीठा पानी के लिए सरकार व्यवस्था कर रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने गो तस्करी पर एक प्रकार से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है वहीं गो संरक्षण के आदेश सरकार ने दिए हैं।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के दुग्ध विकास, धर्मार्थ कार्य, संस्कृति, अल्पसंख्यक कल्याण, हज एवं वक्फ बोर्ड मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए ही लखनऊ में रात दो बजे तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काम हो रहा है।  उन्होंने कहा कि यमुना की निर्मल धारा लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काम कर रहे हैं। ब्रज चैरासी कोसी परिक्रमा मार्ग अगले साल अच्छे स्वरूप में न केवल दिखाई देगा बल्कि हरियाणा और राजस्थान का भाग भी बेहतर दिखाई पड़ेगा। ब्रज के विकास के लिए केन्द्र और राज्य सरकार समर्पित है।