CM योगी का सख्त निर्देश- बेमौसम बारिश से नुकसान का 24 घंटे में किसानों को दिया जाए मुआवजा

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 12:59 PM (IST)

लखनऊ: प्रदेश में बेमौसम बारिश आगजनी की घटनाओं से रबी की फसलों को हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम आवास पर बारिश और तूफान से फसल नुकसान पर अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी मौके पर जाकर बारिश से हुए नुकसान का तुरंत आकलन कर किसानों को समय पर मुआवजा दिया जाए।

किसानों के साथ खड़ी है योगी सरकार 
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लगातार किसानों के संपर्क में रहें और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार हर स्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

खुद फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लें अधिकारी
सीएम योगी ने जिला अधिकारियों, विशेष रूप से डीएम को निर्देश दिया कि वे खुद फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लें और प्रभावित किसानों तक सीधे पहुंच बनाएं। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी मौके पर मौजूद रहकर राहत कार्यों को तेज करने को कहा गया है।

मुआवजे में न हो देरी 
उन्होंने यह भी जोर दिया कि फसलों के नुकसान का सही और त्वरित सर्वे कराया जाए, ताकि मुआवजे में देरी न हो। शासन स्तर पर सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे राहत कार्य प्रभावी तरीके से पूरे हो सकें। सरकार का कहना है कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और उनकी आर्थिक क्षति की भरपाई के लिए त्वरित कदम उठाए जाएंगे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static