सीएम योगी ने ग्रामीणों की मांग पर लगाई मुहर, पंचायत चुनाव से पहले बदले दो गांवों के नाम

punjabkesari.in Saturday, Jan 31, 2026 - 05:45 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो जिलों में एक ग्राम पंचायत और एक गांव का नाम बदलने को मंजूरी दी है। सरकार के इस फैसले के तहत हरदोई और फिरोजाबाद जिलों में लंबे समय से चली आ रही नाम परिवर्तन की मांग को स्वीकार किया गया है। राज्य सरकार के निर्णय के बाद स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

पहला मामला हरदोई जिले से जुड़ा है। यहां भरावन विकास खंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत हाजीपुर का नाम बदलकर अब सियारामपुर कर दिया गया है। ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से काफी समय से इस नाम परिवर्तन की मांग की जा रही थी। सरकार ने शनिवार को इस प्रस्ताव पर सहमति प्रदान कर दी, जिसके बाद हाजीपुर अब आधिकारिक रूप से सियारामपुर के नाम से जाना जाएगा।

दूसरा फैसला फिरोजाबाद जिले से संबंधित है। जिले की तहसील और विकासखंड शिकोहाबाद के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत वासुदेवमई के गांव उरमुरा किरार का नाम बदलकर अब हरिनगर कर दिया गया है। ग्रामीणों का कहना था कि गांव के नाम को लेकर लंबे समय से मांग उठ रही थी, जिसे अब सरकार ने पूरा कर दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस फैसले को पंचायत चुनाव से पहले अहम माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इसे जनभावनाओं के सम्मान के तौर पर देखा जा रहा है। नाम परिवर्तन के बाद संबंधित क्षेत्रों में प्रशासनिक रिकॉर्ड और सरकारी दस्तावेजों में भी नए नाम दर्ज किए जाएंगे। ग्रामीणों ने सरकार के इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static