गोरखपुर के जनता दर्शन में CM Yogi ने सुनी 200 लोगों की समस्या, अफसरों को निर्देश- हर जरूरतमंद को मिले योजनाओं का लाभ

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 04:51 PM (IST)

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में 'जनता दर्शन' में लोगों की फरियाद पर सुनवाई करने के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाया जाए। एक आधिकारिक बयान के अनुसार गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास, इलाज, बेटियों की शिक्षा और विवाह से लेकर निराश्रितों तथा बुजुर्गों की पेंशन तक, सरकार की अनेक योजनाएं समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए संचालित हैं और सभी पात्र लोगों से आवेदन कराकर योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाया जाए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। 

उन्होंने जरूरतमंदों को आवास सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को इलाज के लिए हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने लोगों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में प्राप्त प्रार्थना पत्रों को निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को भेजते हुए निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समाधान समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक ढंग से किया जाए। जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय उपचार का अनुमानित व्यय (एस्टीमेट) शीघ्र तैयार कर उपलब्ध कराया जाए। बयान के अनुसार, जनता दर्शन में जौनपुर से आई एक महिला ने एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) पर फर्जी प्रमाणपत्र जारी करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जमीन पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि यदि कोई दबंग किसी की भूमि पर कब्जा करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static