गोरखपुर जनता दर्शन में CM Yogi ने सुनी 150 लोगों की फरियादें, बोले- सबकी समस्या का समाधान UP सरकार की प्राथमिकता

punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 06:26 PM (IST)

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने प्रवास के दौरान शुक्रवार सुबह यहां गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में पहुंचे लोगों को आश्वासन दिया कि सबकी समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन समस्याओं का निस्तारण तत्परता, पारदर्शिता और संवेदनशील ढंग से किया जाए तथा हर निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक होना चाहिए। 

एक बयान के मुताबिक इस मौके पर मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि संवेदनशीलता के साथ हर पीड़ित की त्वरित सहायता की जानी चाहिए तथा किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। 

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए कई लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि पैसे के अभाव में किसी का उपचार नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का व्यय अनुमान शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए और उस व्यय अनुमान के मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static