याहियागंज गुरुद्वारे में CM योगी ने झुकाया शीश, कहा-सिख धर्म से प्रेरणा लें लोग

punjabkesari.in Thursday, Apr 13, 2017 - 01:54 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैशाखी के मौके पर आज लखनऊ के याहियागंज गुरुद्वारे में मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में बैठकर पाठ सुना और लोगों को संबोधित करते हुए बैसाखी पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि समाज को सिख धर्म से प्रेरणा लेनी चाहिए। 

इस मौके पर योगी बोले- हम सब को खुद को किसी विवाद का हिस्सा नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिख धर्म त्याग और सेवा का संदेश देता है। हमें उन संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात कैसे करें इस पर काम करना चाहिए। आने वाली पीढिय़ों को त्याग और सेवा का संदेश देना चाहिए। गुरु तेगबहादुर और गुरु गोविंद सिंह देश के लिए समर्पित थे। गुरु तेगबहादुर के त्याग से प्रेरणा लेनी चाहिए।

जाति-धर्म और छुआछूत से ऊपर उठें
योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर देश को एकसूत्र में बांधने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि जाति-धर्म और छुआछूत से ऊपर उठकर हमें देश के लिए काम करना होगा। योगी ने यहां सिख गुरुओं की भी तारीफ की। उन्होंने कहा-सिख गुरुओं का यही संदेश है कि जाति-धर्म से ऊपर उठकर काम करें। योगी ने ये भी कहा कि खालसा पंथ और बैसाखी का पर्व हमें समानता का पाठ पढ़ाता है। 

क्यों मनाया जाता है बैसाखी पर्व
13 अप्रैल 1699 को सिख पंथ के 10वें गुरू श्री गुरू गोबिंद सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना की थी। इसके साथ ही इस दिन को मनाना शुरू किया गया था। आज ही के दिन पंजाबी नये साल की शुरुआत भी होती है।