लेडी लॉयल अस्पताल से CM ग्रिड रोड तक... आगरा में विकास की रफ्तार को नई उड़ान देंगे CM Yogi

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 10:50 AM (IST)

लखनऊ/आगरा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार से आगरा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह लगभग 342 करोड़ रुपये की लागत वाली 53 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में आयोजित जनसभा में विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देने के साथ नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।

इसके बाद जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करेंगे तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। कार्यक्रम के अंत में वह जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री 292.40 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें 93.81 करोड़ रुपये की लागत से 150 शैय्या वाले लेडी लॉयल अस्पताल का निर्माण, 79.15 करोड़ रुपये की लागत से सुभाष पाकर् से मारुति एस्टेट तक सीएम ग्रिड रोड, 65.44 करोड़ रुपये की स्टॉर्म वाटर ड्रेन परियोजना, डीआईओएस भवन, श्री कैलाश मंदिर के पर्यटन विकास, वकिर्ंग वूमेन्स हॉस्टल तथा बल्केश्वर थीम पाकर् के पुनर्निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री 50.06 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुकी 17 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे।

इनमें जिला कारागार में नई बैरकों का निर्माण, खंदारी बापू नगर में सीसी सड़क, पालीवाल पाकर् के सौंदर्यीकरण तथा सिकंदरा क्षेत्र में आरसीसी पुलिया और डक्ट निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री कमिश्नरी सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। वह विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा के अलावा जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक करेंगे। दौरे के मद्देनजर टाटा मैदान और खंदारी स्थित आरबीएस कॉलेज परिसर में हेलीपैड बनाए गए हैं तथा जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static