मां-बेटी आत्मदाह: कांग्रेस पर भड़कीं स्मृति ईरानी, कहा-पहले जनता का पैसा लूटा, अब महिलाओं को जला रहे

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2020 - 04:14 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लोकभवन के सामने दो महिलाओं की आत्मदाह को लेकर राजनीति तेज हो गयी है। अमेठी की सांसद और केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर ओछी राजनीति का आरोप लगाया है वहीं कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर साजिश के तहत कांग्रेसी नेता को फंसाने का इल्जाम मढ़ा है।
    

श्रीमती ईरानी ने ट्वीट किया ‘‘ जो जनता का पैसा लूट रहे थे अब वे अपने राजनीतिक लक्ष्यों को पूरा करने के लिए महिलाओं को जिंदा जलाने के स्तर तक पहुंच गए हैं, क्योंकि वे अमेठी हार चुके है। क्योंकि वे बीजेपी के सामने खड़े नहीं हो सकते।'' केन्द्रीय मंत्री ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम लिये बगैर कहा ‘‘ राजकुमारी अब सिंहासन पर एक शॉट चाहती है।''  
     

उधर, कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने कहा कि विधानसभा के गेट नम्बर तीन पर आत्मदाह के बाद प्रशासनिक कमी को छुपाने के कांग्रेस प्रवक्ता को फंसाने की भाजपा साजिश रच रही है। भाजपा को राजनीतिक शिष्टाचार नहीं भूलना चाहिए। कोई भी पीड़ित किसी भी राजनीतिक या सामाजिक संगठनों से मदद मांगता है। उसके दफ्तर जाता है, यह एक सामान्य सी बात है। भाजपा क्या कभी विपक्ष में नहीं रही है। क्या भाजपा कभी विपक्ष में नहीं होगी। उन्होने कहा कि अमेठी की सांसद लॉक डाउन में जनता की सेवा करने के बजाय लूडो और अंताक्षरी खेल रही थीं। अब उनके क्षेत्र में सत्ता संरक्षण में अपराध इतना बढ़ गया कि जनता आत्मदाह को मजबूर है। वे आखिर कहां गायब हैं। 

Ajay kumar