कांग्रेस देश का आर्थिक विकास करने में सक्षम: राहुल

punjabkesari.in Thursday, Oct 05, 2017 - 04:42 PM (IST)

अमेठी: तीन दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार को हर मोर्चे पर असफल बताते हुये कहा कि कांग्रेस देश का आर्थिक विकास करने में सक्षम है। राहुल गांधी ने आज यहां कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आहृवान करते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को घर घर तक पहुंचाएं।   

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मुंशीगंज स्थित गेस्ट हाऊस में पार्टी कार्यकताओं और फरियादिओं से मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर फेल है। कांग्रेस ही देश का आर्थिक विकास करने में सक्षम है। कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिये आगे आये और कांग्रेस की विचारधारा को घर घर तक पहुंचाये। राहुल गांधी दौरे के दूसरे दिन आज करीब तीन घंटे तक कार्यकर्ताओं एवं फरियादियों से घिरे रहे। गेस्ट हाउस में सुबह से ही कांग्रेसियों का जमावड़ा लगा रहा। उनसे मिलने के लिए लोगों की लंबी कतार में कांग्रेसी और आम लोगों ने खड़े होकर अपनी बारी का इन्तजार किया।  

राहुल गांधी ने धीरे से बीच बीच में कार्यकर्ताओं से सवाल पूछा कि क्या वे राजबब्बर को जानते हैं। ज्यादातर कार्यकर्ताओं ने हां में उत्तर दिया और कहा कि अमेठी और रायबरेली के कांग्रेसियों को प्रदेश कार्यालय में महत्व दिया जाता है। पिछले 18 दिनों से वेतन बढ़ाने की मांगो को लेकर प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकत्रीयों ने गेस्ट हाउस पहुंचकर राहुल गांधी से मुलाकात की। राहुल ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने राहुल को धरने में शामिल होने का न्योता दिया। बाद में जब राहुल गांधी का काफिला निकला तो आंगनबाडियो ने उसे रोक दिया। 

इस बीच भाजपा कार्यकताओं ने एक बार फिर राहुल गांधी का विरोध किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने गौरीगंज में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास श्री गांधी काफिला निकलते समय‘राहुल गांधी वापस जाओ’के नारे लगाये।