धरने पर बैठीं प्रियंका गांधी, कहा-सोनभद्र पीड़ितों से मिले बगैर नहीं जाऊंगी

punjabkesari.in Friday, Jul 19, 2019 - 12:50 PM (IST)

वाराणसी-मिर्जापुरः कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी को सोनभद्र जाने से रोक दिया गया है, जिसके चलते वह धरने पर बैठ गई हैं। उनका कहना है कि मुझे पीड़ित परिवार से मिलना है। कौन सा कानून जाने से रोक सकता है। रोके जाने का कानूनी आधार बताएं। अगर कोई आदेश हैं तो दिखाएं। बगैर पीड़िताें से मिले यहां से नहीं जाऊंगी। फिलहाल पुलिस ने प्रियंका गांधी को हिरासत में लेकर चुनार किले में बने गेस्ट हाउस ले गई।  

बीएचयू अस्पताल में घायलों से मुलाकात के बाद वह सोनभद्र के लिए निकली थी, लेकिन मिर्जापुर सीमा पर स्थित दलहट थाने के पास उनके काफिले को पुलिस ने रोक लिया। सुरक्षा बलों ने कांग्रेस महासचिव को सोनभद्र में निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देकर आगे जाने की अनुमति देने से मना कर दिया। इसके विरोध में उनकी अधिकारियों के साथ नोकझोंक हुई। बाद में कांग्रेस महासचिव धरने पर बैठ गईं। पुलिस अधिकारी उनसे धरना समाप्त करने की गुजारिश करते दिखे।
गौरतलब है कि जमीन विवाद को लेकर गत बुधवार को गांव की 3 महिलाओं समेत 10 आदिवासियों की हत्या कर दी गई थी। इस घटना में 24 से अधिक लोग घायल हो गए थे, जिनका इलाज वाराणसी और सोनभद्र के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में वहां के ग्राम प्रधान प्रज्ञदत्त समेत 28 नामजद समेत 50 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें से मुख्य आरोपी प्रज्ञदत्त समेत 28 लोग गिरफ्तार किये गए हैं। इनमें 12 नामजद एवं 16 अज्ञात आरोपी शामिल हैं। इस बीच, पुलिस सूत्रों ने बताया कि वाराणसी (कैंट) रेलवे स्टेशन से एक आरोपी कोमल सिंह को हिरासत में लिया गया है, जो भदोही रेलवे स्टेशन के अधीक्षक बताए जाते हैं।

हिरासत में नहीं लिया गया है बल्कि राेका गया-पुलिस 
प्रियंका काे लिए गए हिरासत पर पुलिस ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें हिरासत में नहीं लिया गया है बल्कि जाने से राेका गया है। वह बिना इजाजत लिए साेनभद्र जा रहीं थीं। बता दें कि चुनार के एसपी द्वारा अपनी गाड़ी में प्रियंका काे गेस्ट हाउस ले जाया गया है। 

Ajay kumar