अमर्यादित टिप्पणी पर कांग्रेस का पोस्टर वार-विनय कटिहार को बताया ‘असुर’

punjabkesari.in Friday, Jan 27, 2017 - 05:16 PM (IST)

इलाहाबाद(सैयद रजा): भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय कटिहार को प्रियंका गांधी पर अभद्र टिप्पणी करना महंगा पड़ता दिखाई दे रहा है। प्रियंका पर विनय कटिहार के अभद्र टिप्पड़ी पर कांग्रेसियों में आक्रोश है। नाराज कांग्रेसियों ने सोशल साईट पर एक पोस्टर वायरल कर अनोखे ढंग से अपना विरोध जताया है। इस पोस्टर में प्रियंका को दुर्गा तो विनय कटिहार को असुर बताया है। साथ ही पोस्टर में लिखा है वो इंदिरा हैं वो दुर्गा हैं, वो हैं शक्ति का अवतार, असुरों पर टूट पड़ो, होकर शेर सवार। कांग्रेस जिला सचिव द्वारा वायरल किए गए इस पोस्टर का पार्टी प्रवक्ता ने समर्थन किया है। 

कटियार ने किया महिलाओं का अपमान 
पोस्टर वार को लेकर जब जिला महासचिव कांग्रेस कमेटी हसीब अहमद से बात की गई तो उन्होंने बताया कि विनय कटियार ने हमारी स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी के बारे में जिस तरह से अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणी किया है वह सिर्फ उनका ही नहीं बल्कि सभी महिलाओं का अपमान है। हम कटियार के इस बयान की निंदा करते हैं। प्रदेश में आचार संहिता लागू होने की वजह से हमने सोशल साइटस के जरिए अपना विरोध जताया है। बीजेपी नेता के टिप्पणी पर हमला बोलते हुए हबीब ने कहा कि कटियार का संतुलन पूरी तरह से डगमगा गया है। आने वाले चुनाव में बीजेपी को महिलाएं इसका सबक सिखाएंगी। 
               
क्या कहा था कटियार ने? 
गौरतलब है कि बुधवार (25 जनवरी) को बीजेपी नेता विनय कटियार ने प्रियंका गांधी के बारे में कहा था कि प्रियंका ज्यादा सुंदर नहीं हैं। उनसे सुंदर तो स्मृति हैं। जो जहां जाती हैं, वहां भीड़ इकट्ठी हो जाती है।’ इस पर पलटवार करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा था कि ‘ये बयान आधी आबादी को लेकर बीजेपी की मानसिकता दर्शाता है।’ अब कांग्रेसी इस मुद्दे को आने वाले चुनाव में मुद्दा भी बना सकते हैं। 

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें