PK को खोजो, 5 लाख पाओ

punjabkesari.in Sunday, Mar 19, 2017 - 12:00 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के रणनीतिकार रहे प्रशांत किशोर उर्फ पीके पर कार्यकर्त्ता इस कदर नाराज हैं कि उन्हें खोजने वाले पर पांच लाख का ईनाम घोषित कर दिया। कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के आस-पास लगे इस तरह के पोस्टरों में पीके को स्वयंभू चाणक्य बताया गया है। पोस्टर जारी करने वाले राजेश सिंह का कहना है कि पीके ने कार्यकर्त्ता सम्मेलन में 220 सीटों के जीतने का दावा किया है लेकिन 105 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को केवल सात सीटें मिली हैं।

सिंह ने कहा कि इतनी बुरी तरह कांग्रेस की दुर्गति कभी नहीं हुई थी। पार्टी के कमजोर होने के बावजूद 2012 में 27 विधायक जीते थे और करीब 12 प्रतिशत वोट हासिल हुए थे। पीके के प्रति कार्यकर्त्ताओं में काफी गुस्सा है लेकिन कांग्रेस प्रवक्ता सत्यदेव त्रिपाठी गुस्सा प्रकट करने के  सिंह के तरीके को गलत ठहराते हैं। उनका कहना था कि पार्टी फोरम पर बात की जानी चाहिए।