संगीत सोम के विवादित बयान से बवाल, AIMIM प्रमुख ने किया पलटवार

punjabkesari.in Monday, Oct 16, 2017 - 01:11 PM (IST)

हैदराबाद\लखनऊ: यूपी के भाजपा विधायक संगीत सोम की इतिहास में ताजमहल के स्थान पर सवाल उठाने वाली टिप्पणी पर AIMIM प्रमुख ने पलटवार किया है। ओवैसी ने सवाल किया कि क्या सरकार पर्यटकों से यह कहेगी कि वे ताजमहल देखने नहीं जाएं? संगीत सोम ने ताजा विवाद उत्पन्न करते हुए इतिहास में ताजमहल के स्थान पर रविवार को सवाल उठाया और ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़ मरोड़कर पेश करते हुए कहा कि इसका निर्माण ऐसे शहंशाह ने कराया था जिसने अपने पिता को कैद करने के साथ ही हिंदुओं को निशाना बनाया।

जानकारी के अनुसार उक्त टिप्पणी यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा कथित तौर पर एक आधिकारिक पयर्टन बुकलेट में ताजमहल को शामिल नहीं किए जाने के बाद आई। सोम ने कहा कि कई लोगों को यह देखकर बहुत दर्द हुआ कि ताजमहल को (पर्यटन स्थलों की) धरोहर सूची से हटा दिया गया। कौन सा इतिहास? उन्होंने कहा कि क्या ताजमहल बनाने वाले ने अपने पिता को कैद किया था? क्या आप उसे इतिहास कहेंगे कि ताजमहल बनाने वाले ने उत्तर प्रदेश और हिंदुस्तान में कई हिंदुओं को निशाना बनाया?

वास्तव में मुगल शहंशाह शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज महल की स्मृति में ताजमहल बनाया था और शाहजहां को ही उनके पुत्र औरंगजेब ने उनके आखिरी दिनों में कैद कर दिया था। सरधना से विधायक सोम ने मुगल शहंशाह बाबर, अकबर और औरंगजेब को ‘गद्दार’ करार दिया और कहा कि उनके नाम इतिहास से हटाए जाएंगे।  इस टिप्पणी पर हैदराबाद से लोकसभा सांसद ओवैसी ने ट्वीट किया कि गद्दारों ने लाल किला भी बनाया, क्या मोदी वहां पर तिरंगा फहराना बंद कर देंगे? क्या मोदी और योगी घरेलू और विदेशी पर्यटकों से ताजमहल नहीं जाने के लिए कहेंगे?

AIMIM प्रमुख ने यह भी कहा कि केंद्र दिल्ली में विदेशी गणमान्य व्यक्तियों की मेजबानी के लिए जिस हैदराबाद हाउस का इस्तेमाल करता है उसका निर्माण भी ‘गद्दार’ द्वारा किया गया था। हैदराबाद हाउस का निर्माण आखिरी निजाम उस्मान अली खान ने अंग्रेजों द्वारा मुहैया कराई गई जमीन पर कराया था। यूपी के सिसोली गांव में 8वीं सदी के नरेश अनंगपाल सिंह तोमर की एक प्रतिमा का अनावरण करते हुए सोम ने यह भी कहा कि भारत के आक्रमणकारियों का महिमामंडन किया गया।

Punjab Kesari