यूपी विधानसभा सत्र के आखिरी दिन भी हुई कानून व्यवस्था पर तकरार, कांग्रेस ने किया वॉक आउट

punjabkesari.in Friday, May 19, 2017 - 03:14 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित द्वारा सदन में राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर बोलने से मना करने पर कांग्रेस सदस्यों ने शोर शराबा करते हुए सदन से बहिर्गमन किया। प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी दलों ने बिगडती कानून व्यवस्था को लेकर एक सुर में सरकार को घेरने की कोशिश की।

भारी शोरशराबे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदस्यों से शांत रहने की अपील की ताकि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलती रहे। अध्यक्ष की अपील को मानते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी(बसपा) सदस्य शांत हो गये मगर कांग्रेसी नेता अजय कुमार लालू ने अध्यक्ष की अपील को दरकिनार कर दिया। बाद में, कांग्रेस सदस्य सदन से वॉकआउट कर गये और राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगडती हालत पर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज करने के लिए कुछ समय के लिए धरना पर बैठे। 

कांग्रेस का आरोप था कि लखनऊ में भारतीय प्रशासनिक सेवा(आईएएस) अधिकारी की संदिग्घ मृत्यु और मथुरा सर्राफा व्यापारियों की हत्या और लूट की घटना प्रदर्शित करती है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार अपराध को नियंत्रित करने में विफल रही है।