भ्रष्टाचार सबसे बड़ी सामाजिक बुराई: अखिलेश

punjabkesari.in Thursday, Dec 08, 2016 - 06:44 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भ्रष्टाचार को सबसे बड़ी सामाजिक बुराई बताते हुए कहा है कि प्रोद्योगिकी के उपयोग से पारदर्शिता लाकर वह गरीबों की मदद करते रहेंगे। सार्वजनिक वितरण प्रणाली से भ्रष्टाचार समाप्त किये जाने के लिए सरकारी गल्ले की दुकानों पर टाटा ट्रस्ट की मदद से डिवाइस लगाने की शुरुआत करते हुए अखिलेश यादव ने आज यहां कहा कि विपक्ष उनकी कितनी भी आलोचना करे लेकिन वह गरीबों की मदद के लिए चाहे जिससे भी सहयोग लेना पड़े लेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि तकनीकी का उपयोग कर पारदर्शिता लायी जा सकती है। पारदर्शिता लाने से भ्रष्टाचार पर अपने आप अंकुश लगेगा। डिवाइस लग जाने से कोटेदारों की मनमानी रुकेगी।

अखिलेश ने की रतन टाटा की तारीफ
रतन टाटा की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इनके उत्तर प्रदेश आने से मन बड़ा होता है। ज्यादा काम करने की इच्छा होती है। जनता का ‘टाटा’ से भावनात्मक लगाव है। लोग मुख्यमंत्री को न पहचानें लेकिन टाटा को सभी जानते हैं। मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि कोटेदार ‘वोट’ का भी हिसाब किताब रखता है, इसलिए कभी-कभी जानते हुए भी उसके खिलाफ कार्रवाई करने में मुश्किल होती है। डिवाइस लग जाने पर वह नाजायज कुछ कर ही नहीं पायेगा। जनता में सही ढंग से गल्ला और मिट्टी का तेल बांटना उसकी मजबूरी होगी। 

एक दिन में नहीं होगा समस्या का समाधान
अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें पता है कि एक दिन में समस्या का समाधान होने वाला नहीं है, लेकिन आने वाली पीढ़ी को भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था देने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी का ही करिश्मा है कि अब जनता को नहीं पुलिस को डायल 100 के जरिये लोगों के पास पहुंचना पड़ रहा है। पीडीएस सिस्टम ठीक हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता को प्रौद्योगिकी से लैस करना चाहती है, इसलिए लैपटाप के बाद अब स्मार्ट फोन वितरित करने की योजना है। इस योजना में एक करोड़ से ज्यादा पंजीयन हो जाने से लगता है कि जनता भी तकनीकी के प्रयोग की पक्षधर है। 

भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत किसी का नाम लिए बगैर अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग जनता को सपने दिखा रहे हैं, उनसे बेहतर काम समाजवादी सरकार कर रही है।

अब उत्तर प्रदेश में आना अच्छा लगता है-रतन टाटा
 इस अवसर पर रतन टाटा ने मुख्यमंत्री को दूर दृष्टया बताते हुए कहा, ‘अब उत्तर प्रदेश में आना अच्छा लगता है, क्योंकि यह राज्य प्रगति के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘मैं वास्तव में प्रदेश के विकास से खुश हूं। मुख्यमंत्री ‘विजनरी’ हैं। कुपोषण को खत्म करने के लिए टाटा ट्रस्ट राज्य सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है। मुख्यमंत्री काफी क्षमतावान हैं, इसलिए राज्य की प्रगति में सभी का सहयोग मिल रहा है। मुझे विश्वास है कि राज्य का विकास तेजी से होता रहेगा।’ इस अवसर पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली की 667 दुकाकनों पर ‘डिवाइस’ की शुरुआत की गयी। शहरी इलाकों के बाद इसे ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगाया जायेगा। समारोह को खाद्य एवं रसद मंत्री कमाल अख्तर ने भी संबोधित किया। 

UP Latest News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें