यूपी में अपराध बढ़ नहीं रहा, हो रहा है: स्वाति सिंह

punjabkesari.in Wednesday, Aug 02, 2017 - 02:31 PM (IST)

गोरखपुर(रुद्र प्रताप सिंह): भले ही योगी सरकार के अधिकतर नेता यूपी में अपराध कम होने की बात कर रहे हों लेकिन उनके ही सरकार में मंत्री स्वाति सिंह ने ताजा बयान में इसे झूठा साबित किया है। स्वाति सिंह ने भी माना है कि हां, यूपी में अपराध हो रहा है। स्‍वाति सिंह बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संसदीय क्षेत्र गोरखपुर में बांधों का दौरा करने आई थीं। इस दौरान उन्होंने ये बातें कही। 

यूपी में बढ़ रहे अपराध को लेकर जब मीडिया ने स्‍वाति सिंह सिंह से सवाल किया तो उन्होंने कहा, ‘‘देखिए, अपराध बढ़ नहीं रहे हैं। अपराध हो रहा है और अपराध को कंट्रोल करना जरूरी है। भाजपा की सरकार और मुख्‍यमंत्री जी ऐसे हैं जो अपराधियों को संरक्षण नहीं देते हैं। पहले की सरकारें थीं तब भी क्राइम था। वह अपराधियों को संरक्षण देते थे। जो भी आज घटनाएं हो रही हैं उन्‍हें संरक्षण नहीं दिया जाएगा, बल्कि उसको सजा दी जाएगी। 

वहीं महिलाओं की चोटी काटने की घटना पर उन्‍होंने कहा कि अपराध बढ़ रहा है वह मानती हैं। उनकी सरकार कंट्रोल कर रही है। पीछे जो घटनाएं हुई हैं, मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने सदन में भी बोला है कि इसके पीछे किसका हाथ हैं। इसकी जानकारी मुख्‍यमंत्री जी को है। उन्‍होंने कहा कि अभी तीन-चार महीने ही हुए हैं हमारी सरकार को, थोड़ा समय दीजिए। महिलाओं और लड़कियों की चोटी काटने की घटना के पीछे किसी गिरोह का हाथ लगता है। जो भी गिरोह होगा उसको सरकार पकड़ेगी।'