बिना ताला तोड़े, बिना डराए... सिर्फ एक Fake Call और घर साफ! ग्रेटर नोएडा के शातिर चोरों ने बच्चों के साथ खेल दिया बड़ा खेल
punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 01:05 PM (IST)
Greater Noida News: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर माता-पिता के होश उड़ जाएंगे। जहां 2 शातिर चोरों ने घर में अकेले मौजूद बच्चों को झांसा दिया और रसोई से 2 गैस सिलेंडर लेकर रफूचक्कर हो गए। ठगों ने बच्चों को यकीन दिलाने के लिए फोन पर उनके पिता की नकली आवाज तक का इस्तेमाल किया।
माता-पिता ड्यूटी पर थे, घर में अकेले थे बच्चे
पीड़ित प्रदीप सजवाण, जो मूल रूप से उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के रहने वाले हैं, पिछले तीन साल से यहां किराए पर रह रहे हैं। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जब प्रदीप और उनकी पत्नी ड्यूटी पर गए थे, तब घर में उनका 14 साल का बेटा और 8 साल की बेटी अकेले थे।
नकली कॉल और लीकेज का नाटक
बाइक सवार दो युवक (एक हेलमेट पहने और दूसरा चेहरा ढके हुए) घर पहुंचे और खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताया। ठगों ने बच्चों से कहा कि आपके सिलेंडर में लीकेज की शिकायत मिली है, हमें चेक करना होगा। जब बच्चों ने मना किया, तो एक ठग ने फोन मिलाकर नाटक किया और कहा कि लो अपने पापा से बात करो। फोन के दूसरी तरफ से एक आवाज आई जिसे बच्चों ने अपने पिता की आवाज समझ लिया। पिता की अनुमति मिलने के भ्रम में बच्चों ने उन्हें अंदर आने दिया। ठगों ने किचन में सिलेंडरों पर पानी डालकर लीकेज चेक करने का नाटक किया और कहा कि ये खराब हैं, इन्हें बदलना पड़ेगा।
बिना नंबर की बाइक और CCTV में कैद फरार ठग
बच्चे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही शातिर अपराधी दोनों सिलेंडर उठाकर बाहर खड़ी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर लादकर फरार हो गए। जब बच्चों की मां घर लौटी, तब इस बड़ी ठगी का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी सिलेंडर ले जाते हुए साफ दिख रहे हैं।
पुलिस की अपील- बच्चों को करें जागरूक
बीटा-2 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को सिखाएं कि घर में अकेले होने पर किसी भी अनजान व्यक्ति के लिए दरवाजा न खोलें। अगर कोई खुद को कर्मचारी बताए, तो माता-पिता के निजी नंबर पर खुद कॉल करके पुष्टि करें। अनजान व्यक्ति के फोन से की गई बात पर भरोसा न करें।

