दादरी कांड में बड़ा खुलासा: अखलाक की फ्रिज में था गौमांस

punjabkesari.in Tuesday, May 31, 2016 - 06:51 PM (IST)

नोएडा: जिस दादरी कांड के बाद पूरे देश में सियासी बवाल मच गया था उस कांड में नया खुलासा हुआ है। यह खुलासा मथुरा लैब की फोरेंसिक रिपोर्ट के सामने आने के बाद हुआ। रिपोर्ट बताती है कि बिसाहड़ा गांव के मृतक अखलाक के घर में फ्रिज में जो मांस मिला था वह या तो गाय का था या फिर गाय के बछड़े का। यह रिपोर्ट घटना के 8 महीने बाद आई है। इस रिपोर्ट से उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में सियासी बवाल एक बार फिर मच सकता है। 
 
क्या था मामला?
गौरतलब है कि 28 सितंबर की रात गोहत्या की सूचना पर बिसाहड़ा गांव में अखलाक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। उसके बेटे दानिश को उपद्रवियों ने अधमरा कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अखलाक के परिजन को 45 लाख रुपये और चार फ्लैट की आर्थिक मदद दी। अब मामले में कुल 17 आरोपी गिरफ्तार हो चुके है।
 
17 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
कुछ दिन पहले पुलिस ने अखलाख की हत्या मामले में चार्जशीट दाखिल की थी। हालांकि चार्जशीट में बीफ का जिक्र नहीं था। पुलिस ने अखलाक की हत्या मामले में अब तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
 
पूरे देश में हुआ था विरोध
इस घटना के बाद पूरे देश में विरोध शुरू हो गया। असहिष्णुता का मुद्दा बनाकर कुछ साहित्यकारों और बुद्धजीवियों ने अपने पुरस्कार वापस करना शुरू कर दिया था। इसी मामले को लेकर अप्रत्यक्ष रूप से बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और आमिर खान ने बयान दिया था। उनके बयान से पूरे देश में जमकर बवाल हुआ जोकि अभी तक शांत नहीं हो पाया है।