प्रियंका गांधी बन सकती हैं कांग्रेस की नई अध्यक्ष!

punjabkesari.in Friday, Jul 19, 2019 - 11:43 AM (IST)

लखनऊ: राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रियंका गांधी के अध्यक्ष बनाए जाने की मांग उठने लगी है। वीरवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने भी प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी अध्यक्ष नहीं बने रहना चाहते हैं तो उनके स्थान पर प्रियंका को अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में पार्टी को निश्चित सफलता मिलेगी।

जाससवाल ने कहा कि इसमें क्या हर्ज है और क्या दिक्कत है। प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश की कमान वैसे भी दी गई है लेकिन उन्हे राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बनाया जा सकता है। उन्होंने कम समय में यूपी के अंदर पहचान बनाई है। यदि प्रियंका गांधी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनती है तो इसका फायदा 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिलेगा।   

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस पद से इस्तीफा देने की पेशकश की। पार्टी की हार के बाद अचानक राहुल गांधी द्वारा लिए गए फैसले के बाद कांग्रेस में स्थिति असहज हो गई। कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने राहुल गांधी को उनके दिल्ली आवास पर पहुंचकर मनाने की कोशिश की। कांग्रेसी नेताओं द्वारा लंबे समय तक मनाने के बाद भी राहुल गांधी इस्तीफे पर अड़े रहे और अंतत: अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने भी अपने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। 

जिसमें उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, मध्य प्रदेश के युवा और तेज तर्रार नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत अन्य कई कांग्रेसी नेता शामिल हैं। हाल ही में पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने भी कांग्रेस आलाकमान को अपना इस्तीफा भेजकर सनसनी फैला दी। 

Ajay kumar