डॉ. अंबेडकर के आवास पर तोडफ़ोड़: चंद्रशेखर बोले-दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करे सरकार, वर्ना...

punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2020 - 07:38 PM (IST)

लखनऊ: संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर के मुंबई स्थित निवास स्थान पर आराजक तत्वों द्वारा तोडफ़ोड़ की गई है। जिसको लेकर देशभर के बहुजन समाज में आक्रोश व्याप्त है। इस घटना को लेकर भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कायराना हमले की निंदा करते हुए महाराष्ट्र सरकार से आरोपियों को गिरफ्तार करने की अपील की है।  

चंद्रशेखर आजाद ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा, ‘बाबा साहेब’ के निवास स्थान 'राजगृह' पर कायराना हमला निंदनीय है। यह हमला दुनियाभर के अम्बेडकरवादियों के मान सम्मान पर हमला है। महाराष्ट्र सरकार तत्काल दोषियों को गिरफ्तार करे। हमारे सब्र का इम्तेहान न लिया जाए। हम भारतीय संविधान को मानते हैं। वरना ऐसे कायरों को सजा हम स्वयं भी दे सकते हैं।’ 

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दिए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को तोडफ़ोड़ में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ठाकरे ने इस घटना को "चौंकाने वाला" बताते हुए कहा कि सरकार यहां दादर क्षेत्र में स्थित 'राजगृह' का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। 

क्या है मामला?
गौरतलब है कि भारतीय संविधान निर्माता डॉक्‍टर भीमराव अंबेडकर के मुंबई स्थित आवास 'राजगृह' को नुकसान पहुंचाने की घटना सामने आयी थी। कुछ अज्ञात लोगों ने मिलकर आवास परिसर में रखे गमलों को तोड़ा तथा सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्‍त कर दिया था। इस घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने मौके पर पहुंच तुरंत कार्रवाई शुरु कर दी थी।

Ajay kumar