राम मंदिर दान विवाद पर डिप्टी CM की दो टूक- ''गड़बड़ी करने वालों पर गिरेगी हनुमान जी की गदा, होगी वसूली''
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 06:46 AM (IST)
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर में दान में कथित अनियमितताओं में दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि गलती साबित होने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
SIT जांच शुरू, दोषियों से होगी पाई-पाई की वसूली
कानपुर यात्रा के दौरान इस मुद्दे पर पूछे गए सवालों के जवाब में मौर्य ने कहा कि मंदिर में दान के संबंध में शिकायत की जांच एसआईटी द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि दान और चढ़ावा के संबंध में एक शिकायत आई है। एसआईटी जांच चल रही है। जिसने भी भगवान राम को चढ़ाई गई चीजों का दुरुपयोग किया है, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। दोषियों से वसूली भी की जाएगी।
'गड़बड़ी करने वालों पर पड़ेगी हनुमान जी की गदा'
मौर्य ने कहा कि यदि किसी ने अयोध्या में कोई गलत काम किया है तो उसे परिणाम भुगतना होगा। हनुमान जी महाराज की गदा उस पर पड़ेगी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का मामला रहा है। उन्होंने लोगों से इस मुद्दे को राजनीतिक रंग नहीं देने का आग्रह किया।
'2027 में सपा का होगा बंगाल जैसा हाल'
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मौर्य ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का भविष्य अंधकारमय है और भाजपा 2027 के विधानसभा चुनावों में भारी जनादेश के साथ सत्ता में लौटेगी, भले ही विपक्षी पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ें या मिलकर लड़ें। मौर्य ने दावा किया कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की जो स्थिति 2026 में हुई उससे भी बुरी स्थिति समाजवादी पार्टी (सपा) की 2027 में होगी।

