तमाम विरोध के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने संकल्पों को सिद्धि में बदला: Nitin Nabin
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 08:05 PM (IST)
वाराणसी: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि तमाम अवरोधों और विरोध के बावजूद प्रधानमंत्री का "संकल्पों को सिद्धि में बदलने" का रिकॉर्ड रहा है।
संकल्प से सिद्धि तक
शिव की नगरी काशी में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में 'जन-आक्रोश महिला सम्मेलन' को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री की पहलें सिर्फ कल्याणकारी योजनाएं नहीं हैं, बल्कि देशभर में "महिला-नेतृत्व वाले विकास" को बढ़ावा दे रही हैं। नवीन ने तीन तलाक कानून का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मजबूत इरादों ने उन्हें देश की "नारी शक्ति" का आशीर्वाद दिलाया। उन्होंने कहा कि मां गंगा सदियों से अपने ममत्व और निर्मल जल से सींचती रही हैं, उसी तरह माताओं-बहनों ने अपनी ममता से मोदी जी पर आशीर्वाद न्योछावर किया है।
महिला-नेतृत्व वाले विकास पर जोर
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "जब भी आपने देश के लिए कोई प्रण लिया है, आपने उस 'संकल्प' को 'सिद्धि' में बदला है।'' महिला आरक्षण विधेयक की राह में आई बाधाओं पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग तकनीकी बातों से प्रगति रोकने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन मोदी ने इसे मिशन बना लिया है तो यह पूरा होकर रहेगा। वाराणसी को "शाश्वत संस्कृति की चेतना" बताते हुए उन्होंने कहा, "काशी सिर्फ शहर नहीं है; यह ज्ञान, शक्ति और भक्ति के संगम का दर्शन कराती है।"
काशी की संस्कृति और नारी शक्ति
उन्होंने यहां की महिलाओं के संघर्ष, मेहनत और आंतरिक शक्ति की सराहना की। नवीन ने पिछले एक दशक में महिलाओं के जीवन में आए बदलाव का श्रेय मोदी को दिया। स्वच्छ भारत और उज्ज्वला योजना को गरिमा के स्तंभ बताया। नवीन ने कहा, "आज महिलाएं सिर्फ समाज का हिस्सा नहीं, निर्णायक नेतृत्व दे रही हैं। खेती से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक हर क्षेत्र में आगे हैं।"
योजनाओं का जिक्र
उन्होंने कहा, "गणतंत्र दिवस परेड में हमारी माताएं-बहनें सेना और अर्धसैनिक बलों का नेतृत्व कर रही हैं। आपने उन्हें सिर्फ सशक्त नहीं किया, नेतृत्व भी सौंपा है।" उन्होंने मोदी की एक प्रमुख योजना 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' को बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने में अहम बताया।
2047 का विजन
नवीन ने महिला सशक्तीकरण को 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य से जोड़ा और कहा,'' मैं उस पवित्र आत्मा को नमन करता हूं जिसने ऐसे गौरवशाली बेटे को जन्म दिया—एक ऐसा प्रधानमंत्री जिसने न सिर्फ अपनी मां की गरिमा का ध्यान रखा, बल्कि करोड़ों माताओं-बहनों का सम्मान भी लौटाया।'' भाजपा अध्यक्ष ने उज्ज्वला योजना, शौचालय समेत महिलाओं के हित में चलाई गई कई योजनाओं को भाजपा अध्यक्ष ने सिलसिलेवार तरीके से गिनाया और भरोसा जताया कि महिलाओं के नेतृत्व में विकास की सोच ही 2047 के लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में मुख्य शक्ति बनेगी और "आधी आबादी" देश की समृद्धि के केंद्र में रहेगी।

