ताजमहल की खूबसूरती पर गंदगी का धब्बा! विदेशी युवती ने वीडियो बनाकर उठाए सवाल, उल्टी कर बोली – ''इतना गंदा?''
punjabkesari.in Saturday, Jul 05, 2025 - 09:53 AM (IST)

Agra News: मोहब्बत की निशानी कहे जाने वाले ताजमहल की खूबसूरती एक बार फिर गंदगी की वजह से चर्चा में है। इस बार मामला तब सामने आया जब विदेश से भारत घूमने आई एक महिला पर्यटक ने ताजमहल परिसर और उसके आसपास की गंदगी को लेकर एक वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
उल्टी करते हुए दिखी विदेशी पर्यटक, बोली – 'इतना गंदा!'
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, वीडियो में दिख रही विदेशी महिला पर्यटक का नाम लिसिप्रिया बताया जा रहा है। जैसे ही वह ताजमहल के पास पहुंची और परिसर के पीछे की ओर झांका, तो वहां फैली गंदगी को देखकर उल्टी करने लगी। वीडियो में वह साफ कहती हैं कि – 'इतना गंदा तो मैंने कभी सोचा भी नहीं था!' हालांकि यह वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया, इसकी अब तक कोई पुष्टि नहीं हो पाई है। लेकिन इसके वायरल होते ही लोगों के बीच आक्रोश और शर्मिंदगी दोनों का माहौल बन गया है।
यमुना नदी में मिल रहे नाले, ताजमहल के पीछे फैली गंदगी
वीडियो में लिसिप्रिया ने ताजमहल के ठीक पीछे बहती यमुना नदी और दशहरा घाट की हालत भी दिखाई है। वह बताती हैं कि किस तरह गंदगी, प्लास्टिक और नालियों का पानी सीधे यमुना में मिल रहा है, जिससे ना केवल नदी गंदी हो रही है, बल्कि ताजमहल के आसपास भी बदबू और गंदा माहौल बन गया है।
कैमरे में कैद किया गंदगी का हाल
महिला पर्यटक ने वीडियो में कहा कि –'लोग दूर-दूर से ताजमहल को देखने आते हैं, लेकिन इसकी खूबसूरती के साथ यहां की गंदगी को देखकर निराश होना पड़ता है। यह किसी भी देश की पहचान को नुकसान पहुंचा सकता है।'
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
ये कोई पहली बार नहीं है जब किसी विदेशी पर्यटक ने ताजमहल परिसर या उसके आसपास की गंदगी को कैमरे में कैद किया हो। इससे पहले भी कई बार पर्यटक फोटो या वीडियो के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। लेकिन अब तक स्थानीय प्रशासन या पर्यटन विभाग की ओर से कोई ठोस सुधार नहीं दिखा।