क्या ब्रा पहनने से होता है Breast Cancer? जानिए एक्सपर्ट की राय और चौंकाने वाला सच
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 06:18 PM (IST)
UP Desk : महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी कई मिथक आज भी समाज में गहराई से जड़ें जमाए हुए हैं। इन्हीं में से एक आम धारणा है कि ब्रा पहनने से ब्रेस्ट कैंसर का खतरा बढ़ता है। हालांकि, विशेषज्ञ इस दावे को पूरी तरह गलत बताते हैं और कहते हैं कि इस तरह की अफवाहें सिर्फ डर और भ्रम पैदा करती हैं।
एक्सपर्ट ने बताया सच
एक्सपर्ट के अनुसार, ब्रा पहनने और ब्रेस्ट कैंसर के बीच कोई संबंध नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि “ब्रा पहनने से ब्रेस्ट कैंसर का खतरा नहीं बढ़ता।”
कैसे फैली यह अफवाह?
एक्सपर्ट के मुताबिक, 1990 के दशक में प्रकाशित एक किताब में यह दावा किया गया था कि टाइट ब्रा पहनने से लिम्फ नोड्स प्रभावित होते हैं, जिससे शरीर में विषाक्त पदार्थ जमा हो सकते हैं और कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। हालांकि, बाद में हुए कई वैज्ञानिक अध्ययनों ने इस दावे को खारिज कर दिया।
ब्रा और ब्रेस्ट हेल्थ का संबंध
विशेषज्ञों के अनुसार, ब्रा ब्रेस्ट को सपोर्ट देती है और इसका सही उपयोग फायदेमंद होता है। हालांकि, बहुत टाइट ब्रा पहनने से कुछ सामान्य समस्याएं हो सकती हैं-
*त्वचा पर निशान या हल्की चोट
*एलर्जी या खुजली
*पसीना और असहजता
लेकिन इनका ब्रेस्ट कैंसर से कोई संबंध नहीं है।
यह भी पढ़ें : देश में तेजी से बढ़ रहे Breast Cancer के मामले, लड़कियां और 40 से कम उम्र की महिलाएं चपेट में... जांच में देरी बन रही खतरा! जानें लक्षण और बचाव
ब्रेस्ट कैंसर के असली जोखिम कारक
डॉक्टर्स के मुताबिक, ब्रेस्ट कैंसर के पीछे कई वैज्ञानिक कारण होते हैं-
*बढ़ती उम्र: खासतौर पर 40 साल के बाद जोखिम बढ़ता है
*फैमिली हिस्ट्री: परिवार में किसी को कैंसर होने पर खतरा अधिक
*जेनेटिक म्यूटेशन: BRCA1 और BRCA2 जीन में बदलाव
*हार्मोनल बदलाव: देर से मेनोपॉज, देर से प्रेग्नेंसी या हार्मोन थेरेपी
*खराब जीवनशैली: मोटापा, धूम्रपान, शराब और कम शारीरिक गतिविधि
*रेडिएशन का संपर्क: छाती के क्षेत्र में रेडिएशन थेरेपी
जागरूकता ही बचाव
विशेषज्ञों का कहना है कि ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। समय पर जांच और शुरुआती लक्षणों की पहचान से इस बीमारी का इलाज संभव है। किसी भी तरह की असामान्यता-जैसे गांठ, त्वचा में बदलाव या दर्द-को नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
मिथकों से दूर रहना जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि गलत धारणाओं को दूर करना उतना ही जरूरी है जितना बीमारी का इलाज। सही जानकारी और जागरूकता से ही ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को कम किया जा सकता है।

