आगरा तक पहुंचा चोटी काटने वाली ''चुड़ैल'' का खौफ, बुजुर्ग की पीट-पीट कर हत्या

punjabkesari.in Thursday, Aug 03, 2017 - 12:22 AM (IST)

आगरा: देश के तीन राज्यों में महिलाओं की चोटी काटे जाने की खबर से दहशत फैली हुई है। चुड़ैल का नाम लेकर हमारा मकसद अंधविश्वास फैलाना नहीं है। लेकिन आगरा में डौकी के मुटनइ गांव की रहने वाली 62 साल की मान देवी की पीट पीट कर इसीलिए हत्या कर दी गयी क्योंकि उन्हें चोटी काटने वाली चुड़ैल समझ लिया गया।
 

मान देवी मुंह अंधेरे ही शौच के लिए बाहर गईं थी, अंधेरा था इसलिए रास्ता भटक कर दूसरी बस्ती चली गयीं। विधवा थीं इसलिए सफेद साड़ी पहन रखी थी। इसी सफेद साड़ी की वजह से वहां एक लड़की ने उन्हें चुड़ैल समझ लिया और शोर मचा दिया, फिर क्या था बस्ती वालों ने बिना कुछ सोचे समझे मान देवी को पीटना शुरू कर दिया।
 

 वह चीखकर-चीखकर अपने बारे में बताती रहीं लेकिन लोग उसको पीटते रहे। इसके बाद अधमारी हालत में घर के बाहर फेंक दिया। जब महिला के परिवार के लोगों को इसकी सूचना मिली तो वे वहां पहुंचे। यहां पर बेसुध हालत में महिला पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। इस हत्‍या के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल हो गया है।
 

मृतक के परिवार की सदस्‍य 70 वर्षीय मुन्‍नी ने बताया, "पुलिस की मदद से घायल हालत में मान देवी को जिला अस्‍पताल पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी।चोटी काटने के आरोप में पीटना गलत हुआ है।"
 

दरअसल, इस वक्त पूरे दिल्ली एनसीआर में कोई है जो महिलाओं की चोटियां काटकर गायब हो जाता है। दिल्ली में हरियाणा की सीमा से सटे कांगनहेड़ी गांव की मुनेश, श्रीदेवी और ओमवती को पता ही नहीं चला कि कब उनकी चोटी गयी। हरियाणा के कांगनहेड़ी गांव जिन तीन महिलाओं की चोटी कटी उनके मुताबिक चोटी कटने से पहले उनके सिर में तेज दर्द हुआ।