अजब-गजब! ना गहने ना नकदी बल्कि 43 कबूतर चुरा ले गए चोर, UP के अमरोहा में इस अनोखी चोरी से हर कोई हैरान

punjabkesari.in Saturday, Oct 19, 2024 - 02:46 PM (IST)

Amroha News: (मोहम्मद आसिफ) गहने व कीमती सामान चोरी के तो आपने तमाम मामले देखे व सुने होंगे लेकिन, उत्तर प्रदेश के अमरोहा में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे। जहां चोर 43 पालतू कबूतर चोरी करके ले गए। जिसके लिए चोर कई घरों की छतों से होकर कबूतरों के दरबे तक पहुंचे। चोरी किए गए कबूतरों की कीमत 40 हजार से अधिक बताई जा रही है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।

दरबे में बंद सभी 43 कबूतर चोरी कर ले गए चोर
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मामला अमरोहा जनपद के गांव आगापुर का है। जहां दिलशाद कबूतर पालने का शौकीन है। दिलशाद का कहना है कि उसने करीब 43 कबूतर पाल रखे थे। जिनके लिए उसने घर की छत पर बाकायदा दरबा बना रखा था।  रात किसी समय चोर आसपास के घरों की छतों से होते हुए दरबे तक पहुंच गए और चोर दरबे में बंद सभी 43 कबूतर चोरी कर ले गए।

40 हजार कीमत के कबूतर चुरा ले गए चोर
बताया जा रहा है कि सुबह को जब दिलशाद कबूतरों को दाना देने के लिए उठा तो मामले की जानकारी हुई। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दिलशाद के अनुसार चोरी किए गए कबूतरों की कीमत 40 हजार से अधिक है। पुलिस ने कई व्यक्तियों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static