नीतीश कैबिनेट के विस्तार में BJP को नहीं मिली जगह, JDU के 8 नए मंत्रियों ने ली शपथ

punjabkesari.in Sunday, Jun 02, 2019 - 12:20 PM (IST)

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को राजभवन में अपनी कैबिनेट का विस्तार किया। पांच एमएलए और तीन एमएलसी सहित 8 नए मंत्रियों को नीतीश कैबिनेट में शामिल किया गया। राज्यपाल लालजी टंडन ने अशोक चौधरी, श्याम रजक, नरेंद्र नारायण यादव, बीमा भारती, संजय झा, रामसेवक सिंह, नीरज कुमार और लक्ष्मेश्वर राय को नीतीश कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ दिलाई।

इस पर नीतीश कुमार ने कहा कि जदयू कोटे से रिक्तियां खाली थीं इसलिए कैबिनेट में जदयू के नेताओं को शामिल किया गया है। भाजपा के साथ कोई मुद्दा नहीं है, सब कुछ ठीक है। नीतीश कैबिनेट के विस्तार में भाजपा और लोजपा से किसी मंत्री को जगह नहीं मिली है। लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे बिहार के तीन मंत्रियों ने इस्तीफा दिया था जिसके बाद मंत्रिमंडल का विस्तार तय माना जा रहा था। इसके चलते शनिवार को नीतीश कुमार ने राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात की थी।

केंद्रीय कैबिनेट में जदयू के शामिल ने होने के बाद नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार काफी अहम माना जा रहा था। मोदी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से कुछ समय पहले ही सीएम नीतीश कुमार ने फैसला लिया कि जदयू मोदी कैबिनेट में शामिल नहीं होगी। उनका कहना था कि भाजपा का प्रस्ताव उन्हे मंजूर नहीं इसलिए उन्होंने यह फैसला लिया।

शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, विधानसभा अध्यक्ष विजय चौधरी भी शामिल हुए। इसके अतिरिक्त राजद के विधायक ललित यादव और राजद प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे भी शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे।

 

 

prachi