शादी का झांसा, 3 बार गर्भपात और ₹50 लाख की ठगी: मेरठ की मॉडल ने युवक पर लगाए गंभीर आरोप

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 07:22 AM (IST)

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सरधना थाना क्षेत्र की एक मॉडल ने क्षेत्र के ही एक युवक पर शादी का झांसा देकर करीब 10 वर्षों तक शारीरिक और आर्थिक शोषण करने तथा बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपा।

मुंबई में मुलाकात और 10 साल तक शोषण का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2015-16 में मॉडलिंग के सिलसिले में मुंबई जाने के दौरान उसकी मुलाकात सरधना निवासी युवक वसील से हुई थी। युवक ने उसे मॉडलिंग में आगे बढ़ाने और बाद में शादी करने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर युवक ने लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और आर्थिक रूप से भी उसका शोषण किया।

शादी के लिए धर्म परिवर्तन की शर्त, मारपीट और ₹50 लाख की ठगी
पीड़िता का दावा है कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने धर्म परिवर्तन करने की शर्त रख दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और पुलिस में शिकायत करने पर निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने विभिन्न बहानों से उससे करीब 50 लाख रुपए लिए। युवती ने यह भी दावा किया है कि उसके 3 बार गर्भपात कराए गए।

पुलिस अधीक्षक ने दी मामले की जानकारी
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि सोमवार को थाना सरधना में तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर देने वाली लगभग 28 वर्षीय युवती ने बताया कि वह वर्ष 2015 में मॉडलिंग के लिए सरधना से मुंबई गई थी, जहां उसकी मुलाकात सरधना क्षेत्र के ही युवक वसील से हुई। उन्होंने बताया कि युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उससे धनराशि भी ली।

सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज, सभी पहलुओं की जांच शुरू
अभिजीत कुमार ने कहा कि तहरीर के आधार पर थाना सरधना में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। धर्म परिवर्तन के आरोप के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है। प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि दोनों लंबे समय तक मुंबई में साथ रहे थे। अब युवती ने मेरठ में शिकायत दी है, जिसके सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static