कानपुर: गायब बेटी को ढूंढते रहे परिजन, शालिनी यादव से फिजा फातिमा बनी युवती

punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2020 - 06:33 PM (IST)

कानपुर: क्राइम को लेकर पिछले कई महीनों से मीडिया की सुर्खियों में रहने वाला उत्तर प्रदेश का कानपुर जिला एक बार फिर चर्चा में है। लेकिन इस बार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। यहां शालिनी यादव नाम की युवती ने धर्म परिवर्तन के बाद मोहम्‍मद फैजल नाम के शख्‍स से निकाह कर लिया है। शालिनी यादव से फिजा फातिमा बनी युवती ने वीडियो वायरल कर घरवालों से जान को खतरा बताकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। 


लड़की के घरवालों ने कहा-लव जिहाद है
लड़की के घरवालों ने इसे लव जिहाद का मामला बताया है। उनका आरोप है कि मुस्लिम युवक बहला-फुसलाकर शालिनी को अपने साथ ले गया। इसके बाद धर्मांतरण कराकर उसके साथ निकाह कर लिया। परिजनों ने इसके पीछे लव जिहादी गैंग का हाथ बताया है, जो बहला-फुसलाकर हिंदू लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाता है। परिजनों का कहना है कि इस गैंग के 5 लोगों ने हाल ही में 5 हिंदू लड़कियों का धर्मांतरण कराकर उनके साथ निकाह किया है। 

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला किया दर्ज
लड़की के परिजनों की तहरीर पर कानपुर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धारा 364, 360, 120-B और 511 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

क्या है पूरा मामला?
कानपुर के बर्रा 6 इलाके की रहने वाली 22 वर्षीय शालिनी यादव 29 जून को पेपर देने के लिए लखनऊ के लिए निकली थी जो कि अचानक से लापता हो गई। परेशान परिजनों ने खोजने की खूब कोशिश की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद लड़की के भाई ने किदवई नगर थाने में शालिनी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 8 अगस्त को शालिनी ने फेसबुक पर वीडियो अपलोड करके बताया कि उसने लाल कालोनी के रहने वाले मोहम्मद फैजल से शादी कर ली है औऱ धर्मांतरण करके अपना नाम शालिनी यादव से फिजा फातिमा कर लिया है।



शलभ मणि त्रिपाठी ने खड़ा किया सवाल
युवती का वायरल वीडियो ट्वीट कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मीडिया एडवाइजर शलभ मणि त्रिपाठी ने सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा, ‘परीक्षा देने के बहाने निकली कानपुर की शालिनी यादव ने पहले धर्म बदला, फिर फैजल से निकाह कर लिया. सवाल ये है कि धर्म बदलने की क्या ज़रूरत? धर्म शालिनी यादव ने ही क्यूं बदला? फ़ैजल ने क्यूं नहीं? तभी तो कहते हैं, ये लव नहीं, ये है लव जेहाद।’ 

Ajay kumar